• Tue. Mar 10th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

नेता प्रतिपक्ष खरगे ने की पश्चिमी एशिया के हालात पर चर्चा की मांग, चुनौतियों पर जताई चिंता

Byadmin

Mar 10, 2026


जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पश्चिमी एशिया में फैली युद्ध की आग की आंच यहां संसद का माहौल भी गर्मा रही है। राज्य सभा में विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नियम 176 के तहत नोटिस देकर इस मुद्दे पर अल्पकालिक चर्चा की मांग करते हुए भारत के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों पर चिंता जाहिर की।

जब विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बयान को सुनने की बजाए विपक्ष ने हंगामा और नारेबाजी कर सदन से वॉकआउट किया तो नेता सदन जेपी नड्डा ने विपक्ष को आड़े हाथों ले लिया। कहा- विपक्ष का यह व्यवहार निंदनीय और गैर जिम्मेदाराना है। उन्हें न देशहित में रुचि है और न ही गंभीर चर्चा में, वह सिर्फ अराजकता चाहते हैं।

राज्य सभा की कार्यवाही

सोमवार को राज्य सभा की कार्यवाही शुरू होते ही निधन की सूचनाओं पर शोक संवेदना, टी-20 विश्वकप विजय पर भारतीय टीम की विजय पर सराहना का प्रस्ताव और पटल पर दस्तावेज रखे जाने के बाद जैसे ही ईरान-अमेरिका व इजरायल युद्ध से पश्चिमी एशिया में उपजे हालात और भारत सरकार के रुख पर स्थिति स्पष्ट करने के लिए विदेश मंत्री खड़े हुए, वैसे ही नेता प्रतिपक्ष मल्लकार्जुन खरगे खड़े हो गए।

उन्होंने दावा किया कि पश्चिमी एशिया में कुछ भारतीय मारे गए हैं और कुछ लापता हैं। साथ ही कहा- ”नियम 176 के तहत मैं पश्चिम एशिया में बदलते भू-राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिए उभरती चुनौतियों के मुद्दे पर चर्चा की अनुमति मांग रहा हूं।”

भारत की ऊर्जा जरूरत

उन्होंने कहा कि भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों का 55% हिस्सा पश्चिमी एशिया से आयात के जरिए पूरी करता है। उस क्षेत्र में भारत के करीब एक करोड़ लोग काम करते हैं। हाल ही में कुछ घटनाओं में कुछ भारतीय मारे गए हैं या लापता हैं। घरेलू गैस की कीमतों में 60 रुपये की वृद्धि हुई है। फिर भी कहा जा रहा है कि नियम 176 की क्या जरूरत है।

इस पर सभापति ने नेता प्रतिपक्ष को आश्वस्त किया कि वह विषय को समझ गए हैं और विदेश मंत्री इसी पर अपना वक्तव्य देने जा रहे हैं। इसके बाद विदेश मंत्री ने जैसे ही अपनी बात शुरू की, वैसे ही खरगे को और बोलने देने का अवसर देने और इस मुद्दे पर चर्चा की मांग के साथ विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ देर हंगामा कर सदन से वॉकआउट कर दिया।

विपक्ष की ओर से ऊर्जा सुरक्षा को लेकर उठाए प्रश्न 

जयशंकर के वक्तव्य के बाद जेपी नड्डा ने विपक्ष के व्यवहार की आलोचना की। कहा कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पश्चिम एशिया की वर्तमान परिस्थिति पर बहुत विस्तार से सदन में अपनी बात रखी है। विपक्ष की ओर से ऊर्जा सुरक्षा को लेकर जो प्रश्न उठाए गए थे, उन पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया है।

नड्डा ने कहा कि विपक्ष के नेता को राज्यसभा नियम 176 के तहत बोलने का अवसर दिया गया, लेकिन नेता प्रतिपक्ष ने विषय से हटकर अन्य मुद्दों पर चर्चा शुरू कर दी। उन्हें यह पता था कि विदेश मंत्री इस विषय पर विस्तृत जानकारी देने वाले हैं, फिर भी उन्होंने चर्चा को भटकाने की कोशिश की।

By admin