• Sun. Apr 5th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

पंजाब से लेकर बंगाल तक दिखेगा आंधी-तूफान का कहर, पहाड़ी राज्यों में बारिश का अलर्ट; पढ़ें मौसम अपडेट

Byadmin

Apr 5, 2026


डिजिटल डेस्क,नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक नए पश्चिमी विक्षोभ का पूर्वानुमान जारी किया है। इसमें आने वाले दिनों में देश के बड़े हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। जानकारी के अनुसार उत्तर-पश्चिमी भारत में मौसम के सक्रिय रहने की उम्मीद है। जबकि पहाड़ी राज्यों में व्यापक बारिश, आंधी-तूफान और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।

मैदानी इलाकों में चलेंगी तेज हवाएं 

वहीं मैदानी इलाकों, जिसमें पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। इसमें मौसम संबंधी गतिविधियां रुक-रुककर हो सकती हैं, जिससे हल्की बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों में छिटपुट ओलावृष्टि और तूफानी हवाओं का भी सामना करना पड़ सकता है, जिसमें हवा की गति 70 किमो तक पहुंच सकती है, जिससे स्थानीय स्तर पर व्यवधान की संभावना बढ़ जाती है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर क्षेत्र भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में रहने की संभावना है, जिससे काफी बड़े इलाके में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में तेज हवाएं, बिजली कड़कना और कभी-कभार ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है।

मध्य भारत में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है, साथ ही कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। दक्षिण भारत में, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।

दिल्ली में बादल छाए रहने की संभावना

दिल्ली में, IMD ने आम तौर पर बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है। रविवार शाम तक गरज-चमक के साथ तूफान आने की भी संभावना है। कभी-कभी हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ तेज सतही हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी, हालांकि मौसम की स्थिति बदलती रहेगी। अधिकतम तापमान 31–33°C के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 17–19°C के बीच रह सकता है।

इसके अलावा, दिल्ली में 6 अप्रैल को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है। जिससे थोड़ी राहत मिलेगी। इसके अलाव 7 और 8 अप्रैल को बादल छाने के साथ-साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

IMD ने यह भी संकेत दिया है कि राजधानी में 10 अप्रैल तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे महीने के पहले पखवाड़े में तापमान को नियंत्रण में रखने में मदद मिलेगी।

 

यह भी पढ़ें- चुनाव में मौसम बन सकता है गेम चेंजर, गर्मी-तूफान से बदल सकता है वोटिंग का पैटर्न

By admin