आइएएनएस, नई दिल्ली। विमानन कंपनी एअर इंडिया और उसकी कम लागत वाली सहायत कंपनी एअर इंडिया एक्सप्रेस गुरुवार को पश्चिम एशिया के लिए कुल 58 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें संचालन करेंगी।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच विमानन कंपनियां सेवाओं का संचालन सावधानीपूर्वक कर रही हैं, क्योंकि कई क्षेत्रों के हवाई मार्ग प्रतिबंधित हैं और कुछ मार्ग बंद भी किए गए हैं।
दोनों एयरलाइनें गुरुवार को मुंबई और कोझिकोड से सऊदी अरब के रियाद के लिए एक-एक गैर-निर्धारित सेवाएं संचालित करेंगी। दोनों एयरलाइनें जेद्दा और मस्कट के लिए अपनी-अपनी निर्धारित सेवाएं भी संचालित करेंगी, जिनमें एअर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा संचालित जेद्दा के लिए कुल 10 उड़ानें और मस्कट के लिए आठ निर्धारित उड़ानें शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, एअर इंडिया दिल्ली से जेद्दा के लिए एक राउंड ट्रिप और मुंबई से दो राउंड ट्रिप संचालित करेगी, जबकि एअर इंडिया एक्सप्रेस बेंगलुरु और कोझिकोड से जेद्दा के लिए एक-एक राउंड ट्रिप संचालित करेगी।
बयान में आगे कहा गया है कि एअर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए भी अपनी निर्धारित सेवाएं संचालित करेगी, जिसमें दिल्ली और मुंबई से एक-एक राउंड ट्रिप और कोझिकोड से दो राउंड ट्रिप शामिल हैं।
नियमित उड़ानों के अतिरिक्त, एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और सऊदी अरब के लिए कुल 40 गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करेंगी, जो उस समय प्रस्थान स्थल पर उपलब्ध स्लॉट और अन्य परिस्थितियों पर निर्भर करेंगी। इन उड़ानों का संचालन संबंधित भारतीय और स्थानीय नियामक प्राधिकरणों से आवश्यक अनुमति प्राप्त कर किया जा रहा है।