जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में छिड़े युद्ध का असर अब भारत में भी दिखने लगा है। कहीं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित हो रही है तो कहीं गैस आधारित शवदाह गृहों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
यही नहीं बेंगलुरु में व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति बंद होने से होटल और रेस्तरां के मंगलवार से बंद होने का खतरा पैदा हो गया है। जबकि दिल्ली में भी रेस्तरां संघ ने चिंता जताई है।
जागरण संवाददाता के अनुसार, हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ सहित राज्यभर में व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति बाधित हो गई है।
मंत्रालय की ओर से एलपीजी कंपनियों को निर्देश
केंद्रीय मंत्रालय की ओर से एलपीजी कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि फिलहाल वाणिज्यिक सिलिंडरों की रिफिलिंग बंद रखी जाए। घरेलू एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है।
बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में से एक है। यहां सिलेंडर की सप्लाई बंद होने से उद्योगों और कारोबारियों के सामने उत्पादन और सेवाएं जारी रखना मुश्किल होता जा रहा है। इंडियन आयल कार्पोरेशन के फील्ड अफसर सौरभ बडगुर्जर ने बताया कि केंद्र सरकार से कंपनियों को व्यावसायिक सिलेंडरों की रिफिलिंग रोकने संबंधी निर्देश मिले हैं।
आपूर्ति में उत्पन्न संकट पर गंभीर चिंता जताई
इधर, दिल्ली के जागरण संवाददाता के मुताबिक, राष्ट्रीय रेस्तरां संघ ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति में उत्पन्न संकट पर गंभीर चिंता जताई है तथा आपूर्ति श्रृंखला को निर्बाध रखने का आग्रह किया है।
संघ के संगठन महासचिव प्रकुल कुमार ने पत्र में कहा कि रेस्तरां उद्योग मुख्य रूप से व्यावसायिक एलपीजी पर निर्भर है। अगर उसकी आपूर्ति में व्यवधान होता है तो यह अधिकांश रेस्तरां के बंद होने का कारण बन सकता है।
प्रेट्र के अनुसार, पुणे नगर निगम के बयान के अनुसार, मंत्रालय के पांच मार्च के निर्देश के तहत शहर के गैस आधारित शवदाह गृहों को अगले आदेश तक बंद करने का निर्णय लिया गया है। जबकि बेंगलुरु होटल एसोसिएशन ने सोमवार को बताया कि शहर में होटल और रेस्तरां सोमवार से प्रभावित हो सकते हैं, क्योंकि व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति अचानक बंद हो गई है।
पाकिस्तान और बांग्लादेश में विश्वविद्यालयों को बंद करने के आदेश
पश्चिम एशिया में युद्ध के चलते दुनियाभर में तेल का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में कई देशों में ईंधन की खपत कम करने के लिए तमाम उपाय किए जा रहे हैं। इसी कवायद में बांग्लादेश की सरकार ने बिजली और ईंधन बचाने के प्रयास में देशभर के विश्वविद्यालयों को बंद करने का आदेश दिया है। शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, विश्वविद्यालयों में छुट्टियां ईद तक जारी रहेंगी।
रॉयटर्स के अनुसार, पाकिस्तान में भी सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों, कालेजों और विश्वविद्यालयों को भी 31 मार्च तक बंद करने का आदेश दिया गया है। तेल बचत के उपाय के तहत 50 प्रतिशत सरकारी अधिकारियों के लिए वर्क फ्राम होम की व्यवस्था की जा रही है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इसके साथ ही तेल बचत के लिए कई उपायों की भी घोषणा की है।