पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के नलहाटी में पत्थर खदान में भू-धंसान से पांच श्रमिकों की मौत हो गई जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। खदान में पत्थर हटाने के दौरान यह हादसा हुआ जिसमें 12 श्रमिक काम कर रहे थे। बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बंगाल के बीरभूम जिले के नलहाटी के बहादुरपुर में शुक्रवार दोपहर पत्थर खदान में भू-धंसान से पांच श्रमिकों की मौत हो गई। चार श्रमिकों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खदान में पत्थर हटाने के दौरान यह घटना घटी। घटना के समय 12 श्रमिक खदान में काम कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार श्रमिक दोपहर में खदान से पत्थर हटाने का काम कर रहे थे। अचानक भू-धंसान से खदान का एक हिस्सा ढह गया। श्रमिकों में अफरा-तफरी मच गई। उस समय खदान में 10-12 मजदूर काम कर रहे थे। नौ श्रमिक मलबे में दब गए।
पत्थर की खदान धंसने से 5 मजदूरों की मौत
खबर मिलने के बाद क्षेत्र के अन्य पत्थर खदान मजदूर घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य तुरंत शुरू हुआ। सभी श्रमिकों को इलाज के लिए रामपुरहाट मेडिकल कालेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने पांच को मृत घोषित कर दिया। चार और मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। उनका इलाज चल रहा है।
खबर मिलने के बाद नलहाटी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पत्थर की खदान कैसे ढह गई। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि खदान से पत्थर नियमों के अनुसार निकाले जा रहे थे या नहीं। बताया जा रहा है कि मानसून के दौरान भारी बारिश के कारण कई पत्थर खदानों में पानी जमा हो गया था। इलाके की मिट्टी भी नरम हो गई थी। भू-धंसान का यह भी एक कारण हो सकता है।
कोयला खदान विस्फोट में सात श्रमिकों की हुई थी मौत
पिछले साल अक्टूबर में बीरभूम जिले के गंगारामचक में एक कोयला खदान में डेटोनेटर लदे ट्रक में हुए भीषण विस्फोट में सात श्रमिकों की मौत हो गई थी। पश्चिम बंगाल विद्युत विकास निगम लिमिटेड (डब्ल्यूबीपीडीसीएल) की खदान में यह विस्फोट उस वक्त हुआ था जब कोयला खनन के कार्य में इस्तेमाल (खदानों में विस्फोट करने) के लिए डेटोनेटर लदा एक ट्रक अनलोड के लिए आया था।
ट्रक से डेटोनेटर उतारे जाने के दौरान अचानक विस्फोट हो गया था। विस्फोट इतना भीषण था कि शव के चीथरे-चीथरे उड़ गए। कई शव के टुकड़े 500 से 700 फीट दूर जाकर गिरा।
यह भी पढ़ें- कोयलांचल में अवैध खनन का खूनी खेल जारी, मलबा धंसने से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत