प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन भाजपा और सरकार धूमधाम से मनाएंगे। नई जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत और परियोजनाओं का लोकार्पण होगा। प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार व पोषण अभियान का शुभारंभ करेंगे वहीं अमित शाह दिल्ली में योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। भाजपा पूरे देश में रक्तदान शिविर लगाएगी और सेवा पखवाड़ा मनाएगी।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन को आज भाजपा के साथ-साथ सरकार भी धूमधाम से मनाएगी। इसके तहत नई जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरूआत के साथ ही कई परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया जाएगा।
खुद प्रधानमंत्री मोदी मध्यप्रदेश के भैंसाला से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार व पोषण अभियान का शुभारंभ करेंगे। वहीं अमित शाह दिल्ली में अमित शाह विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही भाजपा पूरे देश में रक्तदान शिविरों का आयोजन करेगी।
सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा
पार्टी और सरकार अगले 15 दिनों तक इसे सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाएगी। वैसे तो भाजपा हर साल प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को जनता की सेवा के रूप में मनाती रही है और पूरे पखवाड़े सेवा से जुड़े कार्यों का आयोजन करती रही है। लेकिन इस बार 75वें जन्मदिन के लिए पार्टी की विशेष तैयारी है।
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार व पोषण अभियान के तहत पूरे देश में एक लाख से अधिक स्थानों पर हेल्थ कैंप लगाए जाएंगे, जिनमें खासकर महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण से लेकर बच्चों के पोषण तक की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही भाजपा 17 सितंबर को पूरे देश रक्तदान शिविर लगाएगी।
स्वच्छता अभियान चलाएगी भाजपा
अगले एक पखवाड़े तक चलने वाले कार्यक्रम के तहत भाजपा विभिन्न बस्तियों ने स्वच्छता अभियान चलाएगी। भाजपा इस अवसर पर पूरे देश में संपर्क अभियान भी चलाने का फैसला किया है।
इसके तहत मोदी सरकार की 11 साल की उपलब्धियों को लेकर हर जिले में प्रबुद्ध जनों से संपर्क किया जाएगा, गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। भाजपा ने इस दौरान पूरे देश में 15 करोड़ पेड़ लगाने का भी लक्ष्य रखा है।