• Fri. Apr 3rd, 2026

24×7 Live News

Apdin News

पीएम मोदी की इजरायल यात्रा पर बोली सरकार, कहा- ईरान पर हमले की नहीं थी जानकारी

Byadmin

Apr 3, 2026


पीटीआई, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25-26 फरवरी की इजरायल यात्रा का उल्लेख करते हुए राज्यसभा में गुरुवार को केंद्र सरकार से पूछा गया कि क्या उसे ईरान पर हुए सैन्य हमले की जानकारी थी। इस पर सरकार की ओर से जवाब दिया गया कि इस मामले पर कोई चर्चा नहीं हुई थी।

पीएम मोदी की यात्रा के दो दिन बाद ही यानी 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला बोल दिया था। इसकी प्रतिक्रिया में ईरान ने भी उन खाड़ी देशों में हमले किए जहां अमेरिकी ठिकाने हैं।

इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के सांसद अब्दुल वहाब ने विदेश मंत्रालय से मोदी की यात्रा के दौरान हुए समझौतों का विवरण मांगा था।

विदेश मंत्रालय के राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान तकनीकी और आर्थिक सहयोग को लेकर कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए लेकिन ईरान पर हमले के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार क्षेत्र की स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय कदम उठाए गए हैं।

By admin