डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पुणे के जांभुलवाड़ी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 20 वर्षीय मोहम्मद साद आसिफ सैयद नाम के युवक ने अपनी पत्नी और ससुराल वालों द्वारा कथित मानसिक यातना और उत्पीड़न से तंग आकर चूहे मारने की दवा खाकर आत्महत्या कर ली।
आत्महत्या करने से पहले साद ने अपने फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने पत्नी समेत सात लोगों पर लगातार परेशान करने और मानसिक यातना देने का आरोप लगाया। उसने यह वीडियो मालेगांव में अपने एक दोस्त को भेज दिया।
साद मूल रूप से नासिक जिले के मालेगांव का रहने वाला था और पुणे के जांभुलवाड़ी में रहता था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उसकी पत्नी करीमुन्निशा उर्फ निशा खान से विवाद चल रहा था। पत्नी और ससुराल वाले उसे लगातार परेशान करते थे, जिससे वह काफी व्याकुल रहता था।
गुरुवार को साद ने वीडियो में निशा समेत सात लोगों के नाम लेकर उनके द्वारा किए गए अत्याचारों का ब्योरा दिया और फिर जहर खा लिया। पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है और जांच की जा रही है।