डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि भारत ने अपने प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में अमेरिका के साथ सबसे अच्छी ट्रेड डील की है। अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है (30 लाख करोड़ डालर) और कोई भी उसे नजरअंदाज नहीं कर सकता। साथ ही कहा कि दोनों देशों के बीच रिश्ते बहुत मजबूत हैं।
रायसीना डायलाग में गोयल ने कहा, ”यह एक शानदार सफर रहा है। आपने देखा होगा कि पिछले वर्ष राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने हमेशा भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में काफी अच्छी बातें कहीं। वहां हमारे समकक्षों के साथ शानदार रिश्ते हैं। परिवार में भी कभी-कभार एक या दो गलतफहमियां हो सकती हैं। यह संबंधों का हिस्सा है। भारत और अमेरिका के बीच बहुत मजबूत रिश्ता है।”
उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका का रिश्ता सिर्फ व्यापार पर आधारित नहीं है क्योंकि इसमें तकनीक का बहुत बड़ा हाथ है। दोनों के बीच महत्वपूर्ण खनिजों को लेकर एक व्यापक साझेदारी है, रक्षा साझेदारी है, अमेरिका से भारत में बहुत सारा निवेश आता है। यह दो देशों की ऐसी साझेदारी है जो भविष्य तय करेगी।
कुल मिलाकर भारत व अमेरिका रणनीतिक साझेदार हैं और दोनों दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र हैं। दोनों देशों पर बड़ी जिम्मेदारी है। मोदी सरकार द्वारा किए गए नौ मुक्त व्यापार समझौतों के बारे में गोयल ने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय हितों की रक्षा की है और भारतीय कारोबारियों के लिए दरवाजे खोले हैं। किसी भी व्यापार समझौते में हमारे किसी भी हितधारक की संवेदनशीलता से कोई समझौता नहीं किया गया है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)