• Thu. Jun 26th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

प्रेमानंद महाराज की AI से बनाई विवादित फोटो, नाराज संत समाज ने कहा- मुकदमा दर्ज नहीं कराया तो खुद मोर्चा संभालेंगे

Byadmin

Jun 26, 2025


मथुरा: मथुरा में संत प्रेमानंद महाराज की एक AI से बनाई गई फोटो को लेकर संत समाज में आक्रोश है। ब्रज के संतों ने ब्रज की परंपरा और श्रद्धा के विपरीत छवि बनाने पर कड़ी आपत्ति जताई है और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संतों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ब्रज की परंपरा और श्रद्धा के विपरीत इस प्रकार की छवि बनाना निंदनीय है।

परिषद ने केली कुंज आश्रम प्रबंधन और प्रेमानंद महाराज के शिष्य परिकर को चेतावनी दी है। चेतावनी में कहा गया है कि यदि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया तो साधु समाज स्वयं मोर्चा संभालेगा।

इस फोटो में प्रेमानंद जी, राधा रानी और श्री कृष्‍ण हैं। एआई के जरिए इसमें भगवान को भक्‍त की सेवा करते दिखाया गया है। लेकिन इससे प्रेमानंद महाराज के शिष्‍यों सहित पूरे संत समाज में नाराजगी है।

हालांकि, ऐसी भी खबर है कि संत प्रेमानंद महाराज के शिष्‍य गौतम चिलाना ने साइबर थाने में तहरीर दी है। उन्‍होंने फेक फोटो सामने आने के बाद साइबर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इस तस्‍वीर से संतों और भक्तों में आक्रोश है। ट्रस्ट ने एडवाइजरी जारी कर ऐसी तस्वीरों और वीडियो से सतर्क रहने को कहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जानकारी मांगी है और आरोपी की तलाश कर रही है।

बैठक में बांके बिहारी मंदिर में प्रस्तावित न्यास गठन का भी विरोध किया गया। परिषद के उपाध्यक्ष महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने इस न्यास को सेवायतों के पारंपरिक अधिकारों का हनन बताया है। महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज के अनुसार, संत समाज इसे कभी स्वीकार नहीं करेगा।

उन्होंने कहा कि इस कदम से मंदिर की व्यवस्थाओं पर बाहरी हस्तक्षेप बढ़ेगा जो भक्तों और सेवायतों दोनों के लिए चिंता का विषय है। बैठक में महंत लाड़ली शरण दास महाराज, महंत फूलडोल बिहारी दास महाराज, महंत हेमकांत शरण देवाचार्य, घमंड पीठाधीश्वर वेणु गोपाल दास महाराज, वंशीवट पीठाधीश्वर जयराम दास महाराज सहित कई प्रमुख संत-महंत उपस्थित रहे। संतों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे स्वयं मोर्चा संभालेंगे।

By admin