• Sun. Mar 8th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

बंगाल चुनाव का काउंटडाउन: कोलकाता पहुंचेगी चुनाव आयोग की पूर्ण पीठ, दो दिनों तक होगा तैयारियों का ‘महा-मंथन’।

Byadmin

Mar 8, 2026


राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। बंगाल में विधानसभा (विस) चुनाव की घोषणा से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग की पूर्ण पीठ दो दिनी दौरे पर रविवार रात कोलकाता पहुंचेंगी।

राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि पूर्ण पीठ नौ मार्च से बैठकें करना शुरू करेगी। सबसे पहले ज्ञानेश कुमार सुबह कालीघाट मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करेंगे।

मालूम हो कि कालीघाट मंदिर बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी के विधानसभा क्षेत्र में है। उसके बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी।

आयोग बंगाल में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की प्रक्रिया व आगामी विस चुनाव की तैयारियों को लेकर उनकी शिकायतों व सुझावों पर गौर करेगा।

उसी दिन दोपहर सीईओ मनोज कुमार अग्रवाल पूर्ण पीठ के समक्ष बंगाल में जारी हुई अंतिम मतदाता सूची के विचाराधीन मामलों की वर्तमान स्थिति पर अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे।

अगले दिन पूर्ण पीठ बंगाल सरकार के शीर्ष प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। बैठक में राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती व कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक पीयूष पांडेय समेत अन्य शामिल होंगे।

उसके बाद आयोग की टीम चुनाव पंजीकरण अधिकारियों, सहायक चुनाव पंजीकरण अधिकारियों व बूथ स्तरीय अधिकारियों से मिलेगी और फिर जिलाधिकारियों (जो कि जिला चुनाव अधिकारी भी हैं), पुलिस अधीक्षकों व विभिन्न पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेगी।

By admin