• Sat. Mar 28th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

बंगाल में उम्मीदवारों की घोषणा से पहले ही मैदान में उतरे कांग्रेसी दावेदार, सूची में देरी से बढ़ी बेचैनी

Byadmin

Mar 28, 2026


राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में उम्मीदवारों की घोषणा में हो रही देरी के बीच कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी अब खुद ही मैदान में उतरने लगे हैं।

आधिकारिक सूची जारी न होने के बावजूद कई दावेदारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी नेतृत्व की ओर से 294 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं में जो उत्साह दिखा था, वह उम्मीदवारों के नाम तय न होने से धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। इस स्थिति में कई दावेदारों ने इंतजार छोड़कर जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है।

संभावित उम्मीदवार समर्थकों के साथ घर-घर संपर्क कर रहे हैं, स्थानीय मुद्दों को उठा रहे हैं और खुद को पार्टी का चेहरा बताकर प्रचार में जुट गए हैं। अधीर चौधरी, मोहित सेनगुप्ता, अली इमरान, रामज विक्टर और अमल आचार्य जैसे नेताओं के समर्थक भी अपने-अपने क्षेत्रों में उन्हें ही उम्मीदवार मानकर प्रचार कर रहे हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह स्थिति पार्टी के अंदर समन्वय की कमी को उजागर करती है। जहां अन्य दल अपने उम्मीदवारों के साथ पूरी ताकत से चुनाव प्रचार में जुटे हैं, वहीं कांग्रेस में अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है।

हालांकि, पार्टी सूत्रों के अनुसार इस गतिरोध के जल्द खत्म होने की उम्मीद है। शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है। अगर ऐसा होता है तो दावेदारों की यह ‘स्वतंत्र सक्रियता’ जल्द ही आधिकारिक प्रचार में बदल सकती है।

By admin