• Sat. Feb 28th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

बंगाल में बेरोजगारी भत्ता योजना के लिए लक्ष्य से ढाई गुना जमा हुए आवेदन, सरकार के सामने अब आवेदनों के सत्यापन की चुनौती

Byadmin

Feb 28, 2026


राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। बंगाल सरकार की बेरोजगारी भत्ता योजना ‘युवा साथी’ के लिए 81 लाख से अधिक आवेदन जमा हुए हैं। यह 30 लाख के प्रारंभिक लक्ष्य से लगभग ढाई गुना है।

गत 15 फरवरी को शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य राज्य के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। इसके तहत सरकार की ओर से 21 से 40 वर्ष की आयु के पात्र युवाओं को एक अप्रैल से प्रति माह 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

सरकारी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस योजना के लिए प्रतिदिन औसतन आठ लाख आवेदन जमा हुए। एक सप्ताह के अंदर आवेदनों की संख्या 45 लाख का आंकड़ा पार कर गई थी।

आवेदनों की बाढ़ के बाद अब राज्य सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती वास्तविक लाभार्थियों की पहचान करने की है।

बजटीय आवंटन की सीमा को देखते हुए सरकार वर्तमान में लगभग 27.8 लाख आवेदकों को ही सहायता प्रदान करने की स्थिति में है। इसे देखते हुए अत्यंत मजबूत सत्यापन तंत्र तैयार करके अंतिम सूची तैयार की जाएगी ताकि पात्र युवाओं को ही इसका लाभ मिल सके और किसी प्रकार की अनियमितता न हो।

By admin