एक प्रत्यक्षदर्शी ललित कुमार ने एएनआई को बताया, “आज महावीर जयंती और मंगलवार है, इसलिए वहां भारी भीड़ थी. बैरिकेड्स टूट गए और अचानक भगदड़ मच गई. लोग कह रहे हैं कि कुछ लोग कुचले गए हैं और मौतें हुईं…लोग यह भी कह रहे हैं कि वहां पुलिस मौजूद नहीं थी.”
पटना से पहुंची एक महिला ने एएनआई को बताया, “हम अंदर तक नहीं पहुंच सके. वहां मौतें हुई हैं, जिसके बाद हमें बाहर भेज दिया गया. वहां लाठी चार्ज भी हुआ था…”
एक अन्य श्रद्धालु रीना राय ने एएनआई को बताया, “हमें पता चला कि कुछ लोग बेहोश हो गए हैं और कुछ अन्य घायल हैं. हमने कुछ मौतों के बारे में भी सुना…भगदड़ इसलिए हुई क्योंकि कोई भी कतार में नहीं रहना चाहता था और हर कोई दूसरों से पहले दर्शन करना चाहता था…यह चैत्र का आखिरी मंगलवार था…यह सब अव्यवस्था के कारण हुआ.”
इस मामले में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क की कोशिश की गई लेकिन किसी से संपर्क नहीं हो सका.
सम्राट चौधरी ने क्या कहा
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए इस घटना पर दुख जताया है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “नालंदा स्थित माता शीतला मंदिर में भगदड़ की दुखद घटना अत्यंत ही पीड़ादायक है. इस हादसे में जान गंवाने वाले और घायल हुए सभी श्रद्धालुओं के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदनाएँ प्रकट करता हूँ.”
“सरकार द्वारा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत प्रदान की जा रही है. घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था की गई है.”
“ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें तथा शोकाकुल परिवारों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करें. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ.”
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.