• Sat. Oct 11th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

बीजापुर के जंगल में IED ब्लास्ट, कोबरा बटालियन का जवान घायल

Byadmin

Oct 11, 2025


डिजिटल डेस्क, बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में भयानक IED विस्फोट देखने को मिला है। इस धमाके में कोबरा बटालियन का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना को पहाड़ी जंगलों में फंसे माओवादियों ने अंजाम दिया है।

यह घटना बीजापुर के उसूर थाना क्षेत्र स्थित पुजारीकांकेर में हुई। एफओबी पुजारीकांकेर से कोबरा 206 बटालियन की टीम एरिया डॉमिनेशन ड्यूटी पर निकली थी। तभी रास्ते में IED ब्लास्ट हो गया।

सुरक्षाबलों ने घायल जवान को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, जवान की सेहत में अब सुधार आया है और वो खतरे से बाहर है।

शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

धमाके वाले इलाके में माओवादियों के छिपे होने की संभावना है। ऐसे में पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। माओवादियों ने IED बिछाकर बड़ी संख्या में जवानों को निशाना बनाने की साजिश रची थी। हालांकि, वो अपनी मंशा में कामयाब नहीं हो सके।

60 लाख के इनामी 3 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण

तेलंगाना में लंबे समय से भूमिगत रहे तीन कुख्यात माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें दो पति-पत्नी भी शामिल हैं। ये तीनों क्रमशः 36, 35 और 21 वर्षों से अंडरग्राउंड थे। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों के नाम हैं—कुनकती वेंकटैया उर्फ रमेश, मोगिलिचेरला वेंकटराजू उर्फ एर्रा राजू और थोडेम गंगा उर्फ गंगाव्वा।

इन पर 20-20 लाख रुपये का इनाम घोषित था। तेलंगाना के डीजीपी बी. शिवधर रेड्डी ने कहा कि अब तेलंगाना में माओवादियों के फिर से संगठित होने की कोई संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में 400 से अधिक माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जिनमें से 90 प्रतिशत छत्तीसगढ़ से जुड़े हैं।

By admin