डिडिटल डेस्क, नई दिल्ली। बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात माओवादियों ने एक बार फिर खूनी खेल खेलते हुए दो निर्दोष ग्रामीणों की निर्मम हत्या कर दी। ग्राम नेलाकांकेर के रवि कटटम (25) पिता कन्ना और तिरूपति सोढी (38) पिता नरसा को माओवादियों ने धारदार हथियार से वार कर मार डाला।
घटना की सूचना मिलते ही थाना उसूर पुलिस दल मौके के लिए रवाना हुआ और पूरे क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की पुष्टि की जा रही है तथा आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
बीजापुर प्रवास पर थे सीएम व गृहमंत्री
उल्लेखनीय है कि राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा शुक्रवार को ही बीजापुर प्रवास पर थे। उनके लौटते ही माओवादियों ने इस घटना को अंजाम दिया है।
एक ओर जहां लगातार माओवादी आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौट रहे हैं, वहीं दूसरी ओर संगठन ग्रामीणों की हत्याओं के जरिये अपनी मौजूदगी जताने की कोशिश कर रहा है। इस वर्ष अब तक बस्तर अंचल में माओवादी 37 से अधिक ग्रामीणों की हत्या कर चुके हैं।