इमेज स्रोत, Celal Gunes/Anadolu via Getty
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने
कहा है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अमेरिका के साथ हुई हालिया बातचीत के बाद
वह ईरान से ख़ुश नहीं हैं.
हालांकि, उन्होंने कहा है कि उन्होंने अभी यह फ़ैसला नहीं किया है कि वह ईरान
पर हमला करेंगे या नहीं.
ट्रंप ने कहा, “मुझे यह बात पसंद नहीं आई कि वे हमें वह देने के
लिए तैयार नहीं हैं जो हमें चाहिए. इसलिए मैं ख़ुश नहीं हूं.”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अमेरिका और
ईरान के बीच जिनेवा में हुई बातचीत पर यह पहली टिप्पणी की है. गुरुवार को हुई यह
बातचीत बिना किसी समझौते के समाप्त हो गई.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ज़ोर देकर कहा
कि वह ईरान के ख़िलाफ़ सैन्य बल का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि कभी-कभी “आपको
करना पड़ता है.”
ईरान पर संभावित अमेरिकी हमलों की
आशंका को लेकर शुक्रवार को कई देशों ने क्षेत्र में मौजूद अपने नागरिकों के लिए
चेतावनी जारी की.
ब्रिटेन ने तेहरान स्थित अपने
दूतावास से अस्थायी रूप से कर्मचारियों को हटा लिया और अपनी ट्रैवल एडवाइज़री जारी
की. चीन, भारत और कनाडा सहित कई देशों ने
संभावित संघर्ष को देखते हुए अपने नागरिकों से जल्द से जल्द ईरान छोड़ने की अपील
की है.
जर्मनी और फ़्रांस ने इसराइल की
यात्रा को लेकर एडवाइज़री जारी की. इस बीच, अमेरिका ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों से “तुरंत” देश
छोड़ने को कहा.