• Mon. Jun 16th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

ब्रिटिश लड़ाकू विमान F-35 की तिरुवनंतपुरम में हुई इमरजेंसी लैंडिंग, पढ़ें आखिर क्या है वजह

Byadmin

Jun 15, 2025


ब्रिटिश लड़ाकू विमान एफ-35 ने तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग की। ईंधन की कमी के कारण यह निर्णय लिया गया। विमानवाहक पोत से उड़ान भरने के बाद पायलट ने ईंधन कम होने की सूचना दी जिसके बाद रात 930 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। केंद्र सरकार से अनुमति मिलने के बाद विमान में ईंधन भरा जाएगा।

पीटीआई, तिरुवनंतपुरम। ब्रिटिश लड़ाकू विमान एफ-35 ने शनिवार रात तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग की। ईंधन खत्म होने की वजह से फाइटर जेट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।

विमान ने विमानवाहक पोत से उड़ान भरी थी और रात करीब 9:30 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। पायलट ने ईंधन कम होने की जानकारी दी और लैंडिंग की अनुमति मांगी। केंद्र सरकार में संबंधित अधिकारियों से मंजूरी मिलने के बाद ईंधन भरा जाएगा। इस घटना पर वायुसेना नजर बनाए हुए है। वायुसेना सभी एजेंसियों के साथ समन्वय कर रही है।

प्रिंस ऑ वेल्स कैरियर स्ट्राइक ग्रुप का हिस्सा है यह जेट

यह फाइटर जेट ब्रिटेन के एचएमएस प्रिंस ऑ वेल्स कैरियर स्ट्राइक ग्रुप का हिस्सा है, जो मौजूदा समय में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में तैनात है और हाल ही में भारतीय नौसेना के साथ संयुक्त अभ्यास पूरा किया है।

दोनों देशों के बीच हुआ था नौसैनिक अभ्यास

बता दें कि भारतीय नौसेना और ब्रिटिश कैरियर स्ट्राइक ग्रुप ने इस सप्ताह की शुरुआत में पश्चिमी अरब सागर में एक संयुक्त नौसैनिक अभ्यास किया था। इस अभ्यास में दोनों नौसेनाओं ने समन्वित एंटी-सबमरीन ऑपरेशन, सामरिक मैन्यवर्स और हेलीकॉप्टरों के एकीकृत नियंत्रण जैसे विभिन्न नौसैनिक गतिविधियों का अभ्यास किया।

नौसैनिक अभ्यास का महत्व

भारतीय नौसेना ने कहा कि यह अभ्यास दोनों नौसेनाओं के बीच गहरे सहयोग को दर्शाता है और समुद्री सुरक्षा और मजबूत द्विपक्षीय संबंधों के प्रति साझा प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।

यह भी पढ़ें: ‘विमान में घना अंधेरा था, मैं कूद पड़ा और फिर…’; प्लेन क्रैश में बाल-बाल बचे विमान यात्री ने सुनाई दिल दहला देने वाली आपबीती



By admin