इमेज स्रोत, Reuters
ब्रिटेन की पूर्व सांसद और सरकार में मंत्री रह चुकीं 78 वर्षीय एन विडकंब की मौत के मामले में पुलिस ने 26 वर्षीय एक युवक को हत्या के संदेह में गिरफ़्तार किया है.
डेवॉन और कॉर्नवाल पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ़्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि ब्रिटिश नागरिक आरोपी को डेवॉन के न्यूटन एबॉट से हिरासत में लिया गया है. फ़िलहाल उससे पूछताछ की जा रही है.
दरअसल, पूर्व कंज़र्वेटिव मंत्री और रिफ़ॉर्म यूके की प्रवक्ता रह चुकीं एन विडकंब का शव गुरुवार सुबह डार्टमूर क्षेत्र के हेटर गांव स्थित उनके घर में मिला था. पुलिस के अनुसार, उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे.
मामले की शुरुआती जांच में काउंटर टेरर पुलिसिंग की टीम भी शामिल हुई थी, लेकिन फ़िलहाल इस घटना को आतंकवाद से जुड़ा नहीं माना जा रहा है.
असिस्टेंट चीफ़ कांस्टेबल मैट लॉन्गमैन ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे यह संकेत मिले कि हत्या के पीछे कोई राजनीतिक मक़सद था. उन्होंने यह भी कहा कि फ़िलहाल यह कहना जल्दबाज़ी होगी कि अभियुक्त एन विडकंब को जानता था या नहीं.
उन्होंने बताया कि जांच अभी शुरुआती चरण में है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वह आगे आकर जांच में सहयोग करे.
इस घटना पर शुक्रवार दोपहर प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया.