• Mon. Feb 9th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

भारत और कनाडा नियुक्त करेंगे संपर्क अधिकारी, डोभाल और कनाडाई NSA की वार्ता में बनी सहमति

Byadmin

Feb 9, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और कनाडा के प्रधानमंत्री की राष्ट्रीय सुरक्षा एवं खुफिया सलाहकार नथाली ड्रोइन ने शनिवार को मुलाकात की।
इस बैठक के दौरान सहमति बनी कि प्रत्येक देश सुरक्षा एवं कानून-प्रवर्तन संपर्क अधिकारी नियुक्त करेगा और उनकी संबंधित एजेंसियां कामकाजी संबंधों को और मजबूत करेंगी।

संपर्क अधिकारियों की नियुक्ति से द्विपक्षीय संचार को सुव्यवस्थित करने और आपसी चिंता के मुद्दों पर समय पर जानकारी साझा करने में सुविधा होने की उम्मीद है। चिंता के इन मुद्दों में फेंटेनाइल प्रीकर्सर जैसे ड्रग्स का अवैध प्रवाह और अंतरराष्ट्रीय संगठित आपराधिक नेटवर्कों की गतिविधियां शामिल हैं।

कामकाजी संबंधों को मजबूत करने पर सहमत

विदेश मंत्रालय के अनुसार, एनएसए डोभाल की दो दिवसीय कनाडा यात्रा के तहत शनिवार को हुई बैठक में दोनों देश अपने कामकाजी संबंधों को और मजबूत करने पर सहमत हुए।

ये भारत और कनाडा के बीच नियमित द्विपक्षीय सुरक्षा वार्ता का हिस्सा था, जिस दौरान दोनों पक्षों ने अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की पहलों पर हुई प्रगति को देखा और राष्ट्रीय सुरक्षा व कानून प्रवर्तन प्राथमिकताओं पर सहयोग के लिए एक साझा कार्ययोजना पर सहमति व्यक्त की।

साइबर सुरक्षा के मुद्दों पर जताई प्रतिबद्धता

चर्चा के दौरान दोनों देशों ने साइबर सुरक्षा नीति पर सहयोग को औपचारिक रूप देने और साइबर सुरक्षा के मुद्दों पर जानकारी साझा करने की प्रतिबद्धता भी जताई। उन्होंने घरेलू कानूनों और अंतरराष्ट्रीय दायित्वों के अनुरूप धोखाधड़ी और आव्रजन प्रवर्तन से संबंधित मामलों में सहयोग जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।

इन कदमों को दोनों पक्षों द्वारा संबंध सामान्य बनाने की कोशिशों का हिस्सा माना जा रहा है, जो 2023 में खालिस्तान समर्थक अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर राजनयिक विवाद के बाद काफी तनावपूर्ण हो गए थे।

ड्रोइन के साथ मुलाकात के अलावा डोभाल ने शुक्रवार को कनाडा के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री गैरी आनंदसंगरी के साथ भी बातचीत की थी। डोभाल की कनाडा यात्रा ऐसे समय हुई है जब दोनों देश अगले महीने की शुरुआत में कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की भारत यात्रा की तैयारी कर रहे हैं। (समाचार एजेंसी एएनआइ के इनपुट के साथ)

By admin