• Sat. Jun 6th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

भारत-बांग्लादेश सीमा पर तनाव, बीएसएफ ने रोकी बांग्लादेशियों की घुसपैठ; BGB भड़का

Byadmin

Jun 6, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और बांग्लादेश की सीमा पर एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई है। बांग्लादेश के सीमा सुरक्षा बल बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश ने आरोप लगाया है कि बीएसएफ ने गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात कई लोगों को जबरन बांग्लादेशी क्षेत्र में धकेलने का प्रयास किया।

वहीं, बीएसएफ ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए बीजीबी पर ही बांग्लादेशी नागरिकों को भारत में घुसपैठ कराने का आरोप लगाया है।

India and Bangladesh have accused each other

बीएसएफ ने की पुश-इन की कोशिश: बांग्लादेश

बीजीबी के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पश्चिम बंगाल के कूचबिहार के करीब लालमोनिरहाट, पंचगढ़, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा के पास नौगांव और मालदा और मुर्शिदाबाद के करीब चापाईनवाबगंज इलाकों में ऐसी घटनाएं देखने को मिली हैं।

बीजीबी की 15वीं लालमोनिरहाट बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल मेहदी इमाम ने बताया कि 70 से अधिक लोगों को सीमा पर नो-मैन्स लैंड पर रोक दिया गया है और वे फिलहाल वहीं फंसे हुए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीएसएफ के जनसंपर्क अधिकारियों से इस मुद्दे पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फिलहाल उनकी ओर से कोई आधिकारिक जवाब नहीं आया है।

भारतीय सीमा में घुसपैठ की साजिश नाकाम

एक तरफ बीजीबी आरोप लगा रही है, तो दूसरी तरफ बीएसएफ ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि उन्होंने भारतीय सीमा में घुसपैठ की एक कोशिश को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया है। बीएसएफ का कहना है कि बीजीबी कूचबिहार के मेखलीगंज इलाके में स्थित पानीशाला के रास्ते महिलाओं और बच्चों सहित 10 बांग्लादेशी नागरिकों को भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने में मदद कर रही थी।

इस घटना के तुरंत बाद बीएसएफ ने अतिरिक्त टुकड़ियों को तैनात कर दिया ताकि कोई भी भारतीय क्षेत्र में प्रवेश न कर सके। हालांकि, बीजीबी ने बीएसएफ के इन दावों का खंडन किया है।

India and Bangladesh forced infiltration

जीरो लाइन पर फंसे लोग

सरकार ने पश्चिम बंगाल में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों की पहचान कर उन्हें वापस भेजने के लिए कई सख्त कदम उठा रही है। इसी बीच एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें बीएसएफ और बीजीबी के जवान फंसे हुए लोगों के सामने इस मुद्दे पर बातचीत करते नजर आ रहे हैं।

चूंकि दोनों ही देशों के सुरक्षा बलों ने इन 10 लोगों को अपना मानने से इनकार कर दिया है, इसलिए वे अभी भी सीमा के पास फंसे हुए हैं। स्थिति को सुलझाने के लिए फ्लैग मीटिंग बुलाने की कोशिश की गई थी, लेकिन कथित तौर पर बीजीबी ने इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया। इसके बाद एहतियात के तौर पर बीएसएफ ने इलाके में अपनी गश्त काफी तेज कर दी है।

कई इलाकों में रोके गए लोग

बीजीबी ने अपने दावों को विस्तार देते हुए बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे नौगांव में जीरो लाइन पर पांच बच्चों सहित 17 लोगों को रोका गया। इसके अलावा, लालमोनिरहाट के तीन इलाकों हातीबांधा, पाटग्राम और आदितमारी में 33 लोगों को रोका गया और बीजीबी के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे।

बीजीबी के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब तीन बजे चापाईनवाबगंज में जीरो लाइन पर 10 महिलाओं और छह बच्चों सहित 28 लोगों को रोका गया था। बीजीबी ने बयान जारी कर कहा है कि किसी भी प्रकार की घुसपैठ या ‘पुश-इन’ की कोशिश को रोकने के लिए उनके जवान हाई अलर्ट पर हैं।

सीमा पर जारी इन ताजा विवादों के बीच एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक होने जा रही है। भारत और बांग्लादेश के सीमा सुरक्षा बलों के शीर्ष अधिकारी 8 से 11 जून तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाली 57वीं भारत-बांग्लादेश सीमा समन्वय बैठक में हिस्सा लेंगे।

By admin