• Sun. Sep 7th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

भारत में कब और कहां-कहां दिखाई देगा सबसे लंबा चंद्रग्रहण, क्या होता है ब्लड मून? पढ़ें सबकुछ

Byadmin

Sep 6, 2025


7 सितंबर को भारत में इस साल का सबसे लंबा चंद्रग्रहण दिखाई देगा। यह भारत के अधिकांश हिस्सों में दिखाई देगा। रात करीब 8.58 बजे शुरू होकर 11.42 बजे यह अपने चरम पर होगा। इस दौरान ब्लड मून देखने को मिलेगा। एक्सपर्ट के मुताबिक ग्रहण के दौरान पृथ्वी का वायुमंडल नीले प्रकाश को बिखेरता है जिससे चंद्रमा लाल रंग का दिखाई देगा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 7 सितंबर को भारत में इस साल का सबसे लंबा चंद्रग्रहण दिखलाई पड़ेगा। यह चंद्रग्रहण भारत के अधिकांश हिस्सों में दिखाई देगा, इसलिए इसके प्रति लोगों का उत्साह भी बरकरार है। नेहरू सेंटर प्लेनेटेरियम (मुंबई) के निदेशक अरविंद परांजपे के मुताबिक, चंद्रग्रहण 7 सितंबर की रात करीब 8.58 बजे शुरू हो जाएगा।

विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

रात करीब 11.01 बजे पूर्ण चंद्रग्रहण हो जाएगा और 11.42 बजे यह अपने चरम पर होगा। इस दौरान आपको ब्लड मून देखने को मिलेगा। 8 सितंबर की देर रात 1:26 बजे चंद्रग्रहण समाप्त हो जाएगा। एक्सपर्ट के मुताबिक, ग्रहण के दौरान पृथ्वी का वायुमंडल नीले प्रकाश को बिखेरता है, जबकि लाल प्रकाश को चंद्र सतह तक पहुंचने देता है। यही वजह है कि चंद्रमा लाल रंग का दिखाई देगा।

डर और अंधविश्वास से बचें

चंद्रग्रहण सबसे सुंदर खगोलीय घटनाओं में से एक है। अगर भारत में मौसम साफ रहा, तो 82 मिनट की यह अद्भुत घटना देश के अधिकांश हिस्सों से सरलता से देखी जा सकेगी। प्राचीन समय में जब लोगों को इसके बारे में जानकारी नहीं थी, तो इसे लेकर कई तरह के अंधविश्वास प्रचलन में आ गए थे। भारतीय गणितज्ञ और खगोलशास्त्री आर्यभट्ट ने ग्रहण को लेकर वैज्ञानिक दृष्टिकोण लोगों के सामने रखा था और बाद में इन्हीं तर्कों ने लोगों का डर और अंधविश्वास दूर करने में मदद की थी।

हालांकि अभी भी कई लोग ग्रहण के दौरान घर के बाहर जाने या कुछ खाने से बचते हैं। लेकिन इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। कई लोग ये भी मानते हैं कि ग्रहण को नंगी आंखों से नहीं देखना चाहिए। सूर्यग्रहण के मामले में यह बात तो पूरी तरह सच है, लेकिन चंद्रग्रहण के साथ ऐसा नहीं है। चंद्रग्रहण को देखना पूरी तरह से सुरक्षित है और इससे अद्भुत खगोलीय घटना का गवाह बनना अपने आप में बेहद रोमांचकारी है।

चंद्रग्रहण को बेहतर ढंग से देखने के लिए एक लंबी फोकल लंबाई के साथ दूरबीन का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। 7 सितंबर को होने वाले चंद्रग्रहण के लिए आप शहर की रोशनी से दूर किसी छत या पार्क अथवा खेतों जैसे खुले इलाके में जा सकते हैं। ये आपके अनुभव को और भी बेहतरीन बना देगा। कई जगह इसका लाइव प्रसारण भी किया जाता है। बता दें कि यह इस साल का आखिरी चंद्रग्रहण होगा।

यह भी पढ़ें- Chandra Grahan 2025: दिल्लीवाले रहें तैयार! आसमान में दिखेगा अद्भुत नजारा; होगा ‘रेड मून’ का दीदार

comedy show banner
comedy show banner

By admin