जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। उत्तर भारत में ठंड के विदा होने और गर्मी के दस्तक देने के बीच मौसम का मिजाज फिलहाल स्थिर होने के बजाय उतार-चढ़ाव भरा रहने के संकेत हैं। फरवरी के अंतिम सप्ताह और मार्च के पहले सप्ताह में एक-दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं, जिनका असर खासकर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर दिखेगा।
हालांकि 22 फरवरी को आने वाला पश्चिमी विक्षोभ कमजोर बताया जा रहा है, इसलिए मैदानी इलाकों में इसके प्रभाव सीमित रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा। दिन के तापमान में वृद्धि के कारण हल्की गर्मी का अहसास हो सकता है, जबकि रात के तापमान में बहुत अधिक बदलाव की संभावना नहीं है।
यहां बढेगा 2-4 डिग्री सेल्सियस तापमान
दो-तीन पहले की बारिश के बाद हरियाणा में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो इस समय सबसे कम में से एक है। हिमाचल और उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में 22 फरवरी के आसपास हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन यह व्यापक नहीं होगी।
राजधानी दिल्ली में भी मौसम शुष्क रहने के आसार हैं, हालांकि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंशिक बादल और हल्की बूंदाबांदी से इनकार नहीं किया जा सकता। राजस्थान में मौसम फिर से शुष्क होने की संभावना है।
वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में अभी तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री तक ऊपर चल रहा है, जिससे दिन के समय गर्मी महसूस हो रही है। तापमान का यह रुझान आगे भी जारी रह सकता है। पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।
22-23 फरवरी को इन राज्यों में बूंदाबांदी
दक्षिणी बिहार के कुछ क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई गई है। झारखंड में गढ़वा, पलामू से लेकर रांची तक बादल छाने और हल्की वर्षा के संकेत हैं, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है। छत्तीसगढ़ और दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश में 22-23 फरवरी के दौरान वर्षा की स्थितियां बन सकती हैं।
दक्षिण भारत में बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण 21 और 22 फरवरी को तमिलनाडु और केरल के दक्षिणी हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। इसके अलावा कर्नाटक और तेलंगाना के कुछ भागों में भी बारिश हो सकती है।