इमेज स्रोत, ANI
मंगलवार शाम मुंबई एयरपोर्ट पर एयर इंडिया और इंडिगो के विमानों के विंग्स के सिरे आपस में टकरा गए. सभी यात्री सुरक्षित हैं.
मामले में विमानन नियामक डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने भी बयान जारी किया है.
डीजीसीए के मुताबिक, “तीन फ़रवरी 2026 को मुंबई एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ़्लाइट AI2732 डिपार्चर से पहले एम4 की ओर खड़ी थी. वहीं, इंडिगो की फ्लाइट A320 लैंडिंग के बाद उसी ओर बढ़ रही थी.”
डीजीसीए के मुताबिक, टैक्सीइंग के दौरान दोनों विमानों के दाएं विंगटिप्स आपस में टकरा गए. हालांकि, अब दोनों ही एयरक्राफ़्ट को जांच के लिए भेज दिया गया है. डीजीसीए ने बताया है कि मुंबई ऑफ़िस से अधिकारी जांच के लिए साइट पर पहुंच गए हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने एयर इंडिया के प्रवक्ता के हवाले से बताया कि फ्लाइट संख्या AI2732 मुंबई से कोयंबटूर जा रही थी और देरी से उड़ान भर रही थी. टेकऑफ़ से पहले जब ये विमान टैक्सीवे में इंतज़ार कर रहा था, तभी दूसरी एयरलाइन के विमान से संपर्क में आ गया.
प्रवक्ता ने बताया, “दोनों एयरक्राफ्ट के विंगटिप्स संपर्क में आए, नतीजतन हमारे विमान के विंगटिप को नुकसान पहुंचा. एहतियाती तौर पर विमान को बाकी तकनीकी जांच के लिए उड़ान भरने से रोक दिया गया है. सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया है.”
वहीं, इंडिगो के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि हैदराबाद से मुंबई पहुंचे उनके विमान की विंगटिप टैक्सींग के वक्त दूसरे विमान के विंगटिप से संपर्क में आ गई.
प्रवक्ता ने कहा, “सभी यात्रियों को पार्किंग के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. एयरक्राफ्ट की जांच चल रही है. प्रोटोकॉल के मुताबिक, संबंधित अधिकारियों को फौरन सूचित किया गया और इस मामले की जांच चल रही है.”
ये घटना मंगलवार शाम साढ़े सात बजे मुंबई एयरपोर्ट की है, जिसे भारत के सबसे व्यस्ततम हवाईअड्डों में से एक माना जाता है.