जेएनएन, रायपुर। जांच एजेंसियों से बचने के लिए ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइट महादेव सट्टा एप के संचालकों ने इसके नाम की स्पेलिंग में छोटा सा बदलाव कर लोगों को फिर झांसा देना शुरू कर दिया है। नए नाम की स्पेलिंग में डबल ए (Mahadev की जगह Mahaadev) का उपयोग किया गया है।
वर्ष 2023 में ईडी ने लगभग 6,000 करोड़ रुपये के मनी लांड्रिंग मामले की जांच के बाद इस एप पर कार्रवाई की गई थी, लेकिन अब यह आइपीएल और चुनावी सीजन में फिर से सक्रिय हो गया है।
इस एप पर क्रिकेट मैचों के परिणामों के साथ-साथ ओवर में बनने वाले रन, विकेट गिरने आदि पर दांव लगाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त बंगाल, तमिलनाडु, केरलम, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में किस दल के कितनी सीटें जीतने के अनुमान और राजनीतिक संभावनाओं पर भी सट्टेबाजी की जा रही है।
सट्टे की रकम आमतौर पर 100 से 10,000 रुपये के बीच होती है। वर्ष 2025 में आनलाइन मनी गेमिंग पर प्रतिबंध के बावजूद यह एप संचालित हो रहा है। एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल विगत दो साल से पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। दोनों छत्तीसगढ़ में भिलाई के निवासी हैं।
जांच एजेंसियों के पास इनपुट है कि ये दोनों वर्तमान में दुबई से पूरा नेटवर्क संचालित कर रहे हैं। बता दें कि एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट रायपुर ने वर्ष 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टे के तीन मामलों में 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
इस दौरान कुल एक करोड़, चार लाख रुपये नकद, लैपटॉप, मोबाइल, वाहन, बैंकिंग दस्तावेज सहित लगभग 1.92 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
जुए के अड्डे पर दबिश, मर्सिडीज व नकदी जब्तरायपुर में चल रहे जुए के अड्डे पर सोमवार को दबिश देकर पुलिस ने 6.34 लाख रुपये, मर्सिडीज कार, दो आइफोन जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपित राहुल सिंह और रितेश कुमार आनंद को गिरफ्तार किया है। मामले के अन्य आरोपित फरार हैं।