पंचायतों में भी महिलाओं की लीडरशिप ने छाप छोड़ी है। यही कारण है कि चयनित महिला पंचायत प्रतिनिधियों का 4 मार्च को सम्मान किया जाएगा। महिलाओं में कितनी नेतृत्व क्षमता है देशभर की पंचायत प्रतिनिधि इस बात को बताएंगी। महिला दिवस पर देशभर में महिला सभा भी आयोजित की जाएगी। इसमें महिलाएं महिला हितैषी आदर्श ग्राम पंचायत बनाने का गुर सीखेंगी।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। महिलाओं के नेतृत्व में विकास पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विशेष जोर देते हैं। वह चाहते हैं कि अधिक से अधिक महिलाएं इस भूमिका में आगे आएं।
चयनित महिला पंचायत प्रतिनिधियों का होगा सम्मान
देशभर से चयनित ऐसी महिला पंचायत प्रतिनिधियों का चार मार्च को नई दिल्ली में सरकार सम्मान करेगी और पांच मार्च को यह महिलाएं कार्यशाला में यह गुर भी सीखेंगी कि वह महिला हितैषी आदर्श ग्राम पंचायत कैसे बना सकती हैं।
विज्ञान भवन में होगा दो दिन का कार्यक्रम
- पंचायतीराज मंत्रालय इस बार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (आठ मार्च) के उपलक्ष्य में विशेष आयोजन करने जा रहा है। मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में दो दिवसीय कार्यक्रम रखा गया है।
- चार मार्च को महिला पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मान समारोह रखा गया है। राज्यों से उन पंचायत प्रतिनिधियों के नाम मांगे गए हैं, जिन्होंने अपनी पंचायत में उल्लेखनीय कार्य करते हुए दूसरों को प्रेरित किया है और स्थानीय ग्रामीण प्रशासन में अपनी महती भूमिका निभाई है।
- राज्यों द्वारा ऐसी महिला प्रतिनिधियों की उपलब्धि के लिखित ब्योरे के साथ ही छोटा सा वीडियो भी भेजना होगा।
- उसके आधार पर चयन कर पंचायतीराज मंत्रालय उनका सम्मान करेगा। इसके बाद पांच मार्च को राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला को संबोधित करेंगे विशेषज्ञ
- चूंकि, केंद्र सरकार ने राज्यों के सहयोग से हर जिले में कम से कम एक ग्राम पंचायत को महिला हितैषी आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करने की योजना शुरू की है, इसलिए इस कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा बताया जाएगा कि महिला पंचायत प्रतिनिधि कैसे आदर्श ग्राम पंचायत का विकास कर सकती हैं।
- इस कार्यशाला से वर्चुअल माध्यम से राज्यों द्वारा चयनित प्रशिक्षक भी जुड़ेंगे, जो कि मास्टर ट्रेनर की भूमिका निभाएंगे। मंत्रालय के अनुसार, दो दिवसीय कार्यक्रम के लिए देशभर से लगभग 1200 पंचायत प्रतिनिधियों के साथ ही संबंधित महिला अधिकारियों को भी बुलाया गया है।
आठ मार्च को ढाई लाख पंचायतों में होंगी महिला सभा
इसके अलावा आठ मार्च को देशभर में गांव-गांव में महिला विकास की चर्चा की गूंज उठेगी। पंचायतीराज मंत्रालय ने तय किया है कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की ढाई लाख से अधिक ग्राम पंचायतों में महिला केंद्रित ग्राम सभा यानी महिला सभा का आयोजन किया जाएगा। उनमें ग्राम पंचायत क्षेत्र में रहने वाली महिलाओं को ही आमंत्रित किया जाएगा। पंचायत के विकास के लिए उन्हीं के सुझाव लिए जाएंगे।
देश-दुनिया की हर ताज़ा खबर और सटीक जानकारी, हर पल आपके मोबाइल पर! अभी डाउनलोड करें- जागरण ऐप