• Sun. Apr 12th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

महिला आरक्षण बिल: बीजेपी ने सांसदों को जारी किया व्हिप, 3 दिन सदन में उपस्थित रहना अनिवार्य

Byadmin

Apr 12, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आज रविवार को लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में अपने सभी सांसदों के लिए तीन-लाइन का व्हिप जारी किया है।

बीजेपी ने 16 से 18 अप्रैल तक होने वाले संसद के विशेष सत्र के दौरान सभी सांसदों को सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है।

BJP ने सभी सांसदों को सदन में रहने के दिए निर्देश

पार्टी के निर्देश के अनुसार सभी सांसदों, जिनमें केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं, सभी को तीन दिनों की इस बैठक के दौरान सदन में लगातार उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।

व्हिप में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि उपस्थिति अनिवार्य है और इस अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की छुट्टी (अवकाश) स्वीकृत नहीं की जाएगी।

बीजेपी ने पत्र में कहा है, ‘लोकसभा और राज्यसभा में भाजपा के सभी सदस्यों के लिए गुरुवार से शनिवार, यानी 16 से 18 अप्रैल 2026 तक के लिए तीन-लाइन का व्हिप जारी किया जा रहा है। सभी माननीय केंद्रीय मंत्रियों और सदस्यों से अनुरोध है कि वे उपर्युक्त तीनों तिथियों के दौरान सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।’

पत्र में आगे लिखा है, ‘सदन में उपस्थिति अनिवार्य है। किसी भी सदस्य को छुट्टी नहीं दी जाएगी। सदस्यों से अनुरोध है कि वे इस व्हिप का कड़ाई से पालन करें और सदन में अपनी निरंतर उपस्थिति सुनिश्चित करें। आपके सहयोग की हम सराहना करते हैं।’

महिला आरक्षण बिल को लेकर व्हिप जारी

संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र को लेकर बीजेपी ने सांसदों को निर्देश दिया है। इस सत्र का मुख्य केंद्र ‘महिला आरक्षण संशोधन विधेयक’ होगा। इससे जुड़े महत्वपूर्ण संशोधनों पर सरकार विचार कर रही है।

By admin