जेएनएन, जगदलपुर। सुबह का धुंधलका अभी पूरी तरह छंटा नहीं है। बीजापुर के घने जंगलों में महुए की गंध तैर रही है, ओस से भीगी घास पर आदिवासी महिलाओं के कदम महुआ बीनते हुए आगे बढ़ रहे हैं, तभी इस सन्नाटे को एक साफ लेकिन धीमी आवाज चीरती है- क ख ग यह किसी साधारण गांव से निकल रही आवाज नहीं है, बल्कि कभी माओवादियों की फैक्ट्री कहे जाने वाले बीजापुर के पेद्दाकोरमा की है, जहां पांच दशक तक बंदूक की गूंज ही पहचान थी।
अब से कुछ माह पहले तक यहां एक झोपड़ी में माओवादी पाठशाला चलती थी, जहां बच्चों को अक्षर नहीं, बारूद और बंदूक की भाषा सिखाई जाती थी। आज उसी जमीन पर सरकारी स्कूल की दीवारों से ककहरा की आवाज गूंज रही है।
इस बदलाव के केंद्र में हैं गांव के युवा विकेश कोड़मे जैसे ‘शिक्षादूत’, जिन्होंने घर-घर जाकर बच्चों को जोड़ा, भरोसा जगाया और स्कूल तक पहुंचाया।
शुरुआत पेड़ों के नीचे और झोपडि़यों से हुई, अब पक्के स्कूल खड़े हो रहे हैं। इसी तरह भट्टीगुड़ा में जहां कभी माओवादियों का स्मारक डर की पहचान था, अब स्कूल की घंटी गूंजती है।
अंदरूनी इलाकों के 263 स्कूलों में फिर बजी घंटी
पेद्दाकोरमा, भट्टीगुड़ा, तुषवाल और गुण्डापुर जैसे अंदरूनी इलाकों में माओवादी हिंसा के दौर में 300 से अधिक स्कूल या तो बंद करा दिए गए या ध्वस्त कर दिए गए।
2019 में शुरू हुए स्कूल खोलो अभियान के साथ प्रशासन जब गांवों तक पहुंचा, तो सबसे बड़ी चुनौती इन्हें फिर से जीवित करना था। आज 263 स्कूल फिर से खुल चुके हैं, जहां 9,000 से ज्यादा बच्चे पढ़ाई करते हैं। साथ ही करीब 100 नए स्कूल भवन निर्माणाधीन हैं।
हिंसा के बीच भी नहीं टूटा शिक्षादूतों का हौसलाजब एक ओर प्रशासन स्कूल खोलने में जुटा था, उसी समय माओवादी इन प्रयासों को कुचलने के लिए शिक्षादूतों को निशाना बना रहे थे। बीते चार-पांच वर्षों में 20 से अधिक शिक्षादूतों की हत्या की गई।
जुलाई 2025 में पिल्लूर के विनोद माड़े और टेकामेटा के सुरेश मेटा को घर से उठाकर मार दिया गया। अगस्त 2025 में सुकमा के सिलगेर में लक्ष्मण बरसे की परिवार के सामने हत्या कर दी गई। बीजापुर के लेंड्रा में कल्लू ताती भी ¨हसा का शिकार बने।
जनताना सरकार में बंद हुए स्कूल
वर्ष 1980 के बाद आंध्र प्रदेश की सीमा से बस्तर में दाखिल हुए माओवादी धीरे-धीरे बीजापुर के जंगलों में जड़ें जमाते गए। नंबाला केशव राव (मारा गया माओवादी प्रमुख) और भूपति (अब महाराष्ट्र में समर्पित) जैसे हिंसको की देखरेख में गांवों में ‘जनताना सरकार’ चलने लगी, जहां उनके आदेश चलते थे।
वर्ष 2005 में सलवा जुडूम के दौर ने हिंसा को और बढ़ाया। इस दौर में सैकड़ों स्कूल बंद या ध्वस्त कर दिए गए और उनकी जगह ‘रिवोल्यूशनरी स्कूल’ चलने लगे, जहां किताबों से ज्यादा माओवादी विचारधारा और बंदूक की भाषा सिखाई जाती थी।