• Tue. Jun 17th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

मानसून ने फिर पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; राजस्थान में लू ने तोड़े सारे रिकार्ड

Byadmin

Jun 12, 2025


केरल में मानसून की तेज़ी के साथ मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है जिसमें भारी बारिश की संभावना है। राजस्थान में भीषण गर्मी जारी है श्रीगंगानगर में 48 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। उत्तर भारत भी लू से बेहाल है जबकि उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदली है और कुछ जगहों पर बारिश हुई है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। केरल में मानसूनी बारिश तेज होने के चलते मौसम विभाग ने बुधवार को एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिचूर और कासरगोड जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया।

गुरुवार के लिए दो जिलों, शुक्रवार के लिए चार जिलों, शनिवार के लिए नौ जिलों और रविवार के लिए 14 जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आरेंज अलर्ट का मतलब है कि 11 से 20 सेंटीमीटर तक की भारी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार से रविवार तक केरल-कार्नाटक-लक्षद्वीप तटों पर मछली पकड़ने से बचने की चेतावनी भी दी है, क्योंकि तटीय क्षेत्र में तेज हवाओं और खराब मौसम की आशंका है। राज्य में 24 मई को मानसून पहुंचा था।

राजस्थान में भीषण गर्मी का सितम

राजस्थान में इस समय भीषण गर्मी का सितम देखने को मिल रहा है। बुधवार को श्रीगंगानगर में 48 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, बाड़मेर और जैसलमेर से ज्यादा गर्मी जयपुर में रही।
रिकॉर्ड पर ध्यान दें तो श्रीगंगानगर में आज इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। इससे पहले 2019 में तापमान 49 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। मौसम विभाग ने बताया कि 15 जून के बाद राजस्थान में मौसम करवट ले सकता है। राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान के लोगों को 13 जून तक भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

प्रचंड गर्मी की चपेट में उत्तर भारत

भीषण गर्मी व लू से पूरा उत्तर भारत बेहाल है। मैदान से लेकर पहाड़ तक तेज गर्मी से झुलस रहे हैं। दिन के साथ रातें भी गर्म हैं। पंजाब में बठिंडा का तापमान लगातार दूसरे दिन 45.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजधानी का तापमान भी 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश का लगभग एक तिहाई हिस्सा भीषण गर्मी से झुलस रहा है।
यह भी पढ़ें: Ghaziabad Weather: गाजियाबाद में भीषण गर्मी का कहर, तापमान 43 डिग्री के पार; कूलर-AC भी नहीं कर रहे काम

उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट

उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। कुछ जगहों पर झमाझम बारिश हुई है। पिथौरागढ़ शहर में मंगलवार रात हुई भारी बारिश से जनजीवन पर असर पड़ा है। पांच घंटे में 79 मिमी वर्षा से नालियां उफान पर आ गई और पानी दुकानों व घरों में घुस गया। देहरादून में बुधवार दोपहर बाद कहीं-कहीं झमाझम वर्षा हुई। तापमान में 24 घंटे के भीतर करीब दो डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है।
पिछले 24 घंटों में मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में मध्यम से सामान्य वर्षा हुई है। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया है। अधिकांश क्षेत्रों में चिपचिपा मौसम बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 14 जून के आसपास छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल स्थिति बनने की संभावना है। (इनपुट एजेंसी के साथ)
अपने शहर के मौसम की जानकारी के लिए यहां क्लिक करें। 

By admin