डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मार्च की शुरुआत के साथ ही उत्तर और पश्चिम भारत में मौसम के तेवर कड़े हो गए हैं। दिल्ली और मुंबई दोनों ही शहरों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है, जिससे लोग समय से पहले ही भीषण गर्मी और उमस का सामना कर रहे हैं। पंजाब में भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। यूपी में भी तापमान बढ़ने लगा है।
दिल्ली: 50 साल का रिकॉर्ड टूटा, उमस ने बढ़ाई बेचैनी
सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 7 डिग्री अधिक है। हवा में नमी होने के कारण ‘हीट इंडेक्स’ (महसूस होने वाली गर्मी) काफी बढ़ गया है, जिससे लोगों को चिपचिपी गर्मी और बेचैनी महसूस हो रही है।
मुंबई में गर्मी का मार्च, तापमान 40 डिग्री के पार
उत्तर भारत में जहां गर्मी शुरू भी नहीं हुई है, मुंबई के लोग गर्मी से अभी से बेहाल हो रहे हैं। मंगलवार को दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने मुंबई के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है।
संताक्रूज वेधशाला के अनुसार, दिन का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया, जो पिछले साल के इस दिन के सामान्य तापमान से 7.6ए डिग्री अधिक है। यह मार्च में दर्ज किया गया सबसे उच्च तापमान है।
मुंबई में पांच मार्च को 38.9ए डिग्री सेल्सियस, चार मार्च को 38.7ए डिग्री सेल्सियस और नौ मार्च को 38.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर कोलाबा वेधशाला ने 35.4ए डिग्री सेल्सियस का तापमान दर्ज किया, जो इस दिन के लिए सामान्य से 4.3ए डिग्री सेल्सियस अधिक है।
मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी
आइएमडी के अनुसार, बुधवार के लिए मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें मौसम के गर्म रहने का अनुमान है। मुंबई के कुछ हिस्सों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर चला गया, मुख्य रूप से पश्चिमी उपनगरों के राम मंदिर क्षेत्र में 42.4ए डिग्री और विक्रोली में 41.6 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया।
यूपी में बढ़ेगा तापमान
उत्तर प्रदेश में आज मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में वृद्धि देखी जा रही है, जिससे दिन के समय तेज धूप और गर्मी का एहसास होगा। प्रदेश में अधिकतम तापमान 34°C से 36°C और न्यूनतम तापमान 19°C से 20°C के बीच रहने की संभावना है। फिलहाल राज्य में बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं है।