• Mon. Mar 16th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

मिनाब ग‌र्ल्स स्कूल हमले में मारी गई बच्चियों पर भारत ने जताया दुख, नागरिकों की सुरक्षा पर दिया जोर

Byadmin

Mar 16, 2026


जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। ईरान के मिनाब ग‌र्ल्स स्कूल पर हुए हमले में 165 बच्चियों की मौत पर भारत ने दुख व्यक्त किया है। भारतीय विदेश मंत्रालय (एमईए) ने गुरुवार को अपनी साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में सवाल पूछने पर एक संक्षिप्त बयान दे कर अपना दुख जताया। यह प्रतिक्रिया हमले के लगभग दो सप्ताह बाद आई है, जो भारत की ओर से इस घटना पर अब तक की सबसे स्पष्ट टिप्पणी मानी जा रही है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि स्कूली बच्चियों के बारे में आपके सवाल के संबंध में, हमने चल रहे संघर्ष पर कई बयान जारी किए हैं। हमने सभी नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया है और कीमती जानों के नुकसान पर अफसोस जताया है तथा उस संबंध में दुख व्यक्त किया है।

भारत ने संयम बरतने की अपील की

प्रवक्ता ने स्पष्ट रूप से अमेरिका या इजरायल की किसी भी कार्रवाई की निंदा नहीं की। इसके बजाय, उन्होंने संघर्ष में सभी पक्षों से संयम बरतने और नागरिकों (ईरान तथा खाड़ी देशों में) की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। साफ है कि यह प्रतिक्रिया संतुलित और सतर्क बनी हुई है, जिसमें किसी भी पक्ष की खुली आलोचना से परहेज किया गया है।

यह हमला 28 फरवरी 2026 को हुआ था, जिसमें मिनाब के शजारेह तय्येबा एलीमेंट्री स्कूल पर हमले में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चियां मारी गईं थीं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस घटना की कड़ी निंदा हुई है, लेकिन भारत ने अब तक कोई मजबूत बयान जारी नहीं किया था। इससे पहले, पांच मार्च को विदेश सचिव ने ईरानी दूतावास में सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत पर शोक संदेश दर्ज किया था।

By admin