बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी जंग छिड़ गई है। भाजपा ने इसे सरकार निर्मित आपदा बताते हुए मुख्यमंत्री सिद्दरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का इस्तीफा मांगा है। वहीं शिवकुमार ने भाजपा नेताओं पर गलतबयानी करने का आरोप लगाया। भाजपा ने इस भगदड़ के लिए कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार बताया।
पीटीआई, नई दिल्ली। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी जंग छिड़ गई है। भाजपा ने इसे सरकार निर्मित आपदा बताते हुए मुख्यमंत्री सिद्दरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का इस्तीफा मांगा है। वहीं, शिवकुमार ने भाजपा नेताओं पर गलतबयानी करने का आरोप लगाया।
भगदड़ के लिए कांग्रेस सरकार जिम्मेदार
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि सिद्दरमैया और शिवकुमार के बीच आपसी लड़ाई और मनमुटाव के कारण राज्य में भगदड़ मची। इस भगदड़ के लिए कांग्रेस सरकार जिम्मेदार है।
तेलंगाना में भगदड़ के चलते अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी को किया याद
उन्होंने पिछले साल तेलंगाना में भगदड़ के चलते तेलुगु अभिनेता अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी को याद किया, जहां कांग्रेस सत्ता में है। पूछा कि क्या कांग्रेस कर्नाटक में भी यही नियम अपनाएगी और अपने दो वरिष्ठ नेताओं को गिरफ्तार करेगी। उन्होंने राहुल गांधी की भी आलोचना की और उनसे घटना पर अपनी चुप्पी तोड़ने और मुख्यमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री को पद से हटाने के लिए कहा।
जांच समिति का गठन
केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग की और भगदड़ की जांच के लिए हाई कोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश के नेतृत्व में जांच समिति गठित करने का आग्रह किया।उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार पर इस आयोजन के लिए बिना किसी योजना या विचार के जल्दबाजी में काम करने का आरोप लगाया। केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कांग्रेस को अयोग्य, अक्षम, गैरजिम्मेदार और भ्रष्ट करार दिया।
आगे कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी भ्रष्ट नेताओं से भरी हुई है, जो झूठे वादे करते हैं और बेंगलुरु जैसे शहर में सार्वजनिक कार्यक्रमों का प्रबंधन करने में विफल रहते हैं, जिसे एशिया की सिलिकान वैली कहा जाता है।