• Fri. Feb 27th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने इमाम का तीखा प्रहार, हुमायूं कबीर की ‘बाबरी’ योजना को बताया साजिश

Byadmin

Feb 27, 2026


राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। कोलकाता की शोलआना मस्जिद के इमाम अब्दुल हामिद ने गुरुवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मौजूदगी में बिना किसी का नाम लिए तृणमूल कांग्रेस के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर द्वारा मुर्शिदाबाद जिले में कराए जा रहे बाबरी मस्जिद के निर्माण को लेकर निशाना साधा।

कोलकाता नगर निगम द्वारा पार्क सर्कस मैदान में आयोजित सालाना इफ्तार पार्टी के दौरान इमाम ने अपने संबोधन में कहा कि यह अफसोस की बात है कि मुर्शिदाबाद में मस्जिद बनाकर मुसलमानों में फूट डालने की कोशिश की जा रही है। यह सही नहीं है। मैं इसका विरोध करता हूं।

उन्होंने यह भी दावा किया कि इस मस्जिद निर्माण के पीछे कोई इमाम शामिल नहीं है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। उन्होंने बाबरी शब्द का भी इस्तेमाल नहीं किया।

हालांकि उनके बयान से साफ है कि इमाम का निशाना मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद का निर्माण करा रहे निलंबित तृणमूल विधायक व नवगठित जनता उन्नयन पार्टी के अध्यक्ष हुमायूं कबीर की ओर था।

मुर्शिदाबाद के भरतपुर से विधायक कबीर ने पिछले साल छह दिसंबर को इस मस्जिद की नींव रखी थी। हाल में इसका निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है।

इधर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हर साल की तरह कोलकाता नगर निगम द्वारा आयोजित इफ्तार पार्टी में शामिल हुईं। इस इफ्तार पार्टी में इमामों के अलावा दूसरे धर्मों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। इस दौरान इमाम अब्दुल हामिद ने ममता की जमकर तारीफ की।

उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के राज में सिर्फ अल्पसंख्यक ही नहीं, बल्कि सभी धर्मों के लोगों का जो विकास हुआ है, वैसा पहले कभी नहीं देखा गया। इमाम हामिद ने कहा कि इमाम भत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं समेत कई सरकारी परियोजनाएं बंगाल को देखकर दूसरे राज्यों ने भी लागू किए हैं।

इमाम हामिद ने ममता के शासनकाल में कोलकाता के इस्लामिया अस्पताल के विकास का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पहले, अगर कोई जिंदा इंसान इस्लामिया अस्पताल आता था, वे मरे हुए निकलते थे। लेकिन अब तस्वीर बदल गई है। अब बिहार, झारखंड, त्रिपुरा, मणिपुर से मरीज वहां आ रहे हैं।

इफ्तार पार्टी में कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम, डिप्टी मेयर अतिन घोष, राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य, कृषि व संसदीय कार्य मंत्री शोभनदेब चटर्जी, कोलकाता के दोनों सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय और माला राय, चौरंगी की विधायक नैना बनर्जी, मुख्यमंत्री की भाभी और कोलकाता नगर निगम में पार्षद कजरी बनर्जी भी मौजूद थीं।

इमाम क्या कहते हैं, मुझे परवाह नहीं : हुमायूं कबीर
दूसरी ओर, बाबरी मस्जिद निर्माण को लेकर सवाल उठाने पर पलटवार करते हुए हुमायूं कबीर ने भी इमाम का नाम लिए बिना उन्हें जवाब दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे इमामों से उन्हें किसी सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। उन्होंने हमला बोलते हुए कहा कि कुछ इमाम ऐसे हैं जो थोड़े से इमाम भत्ते और अपने फायदे के लिए ममता बनर्जी के पैर दबाते हैं। मुझे परवाह नहीं कि वे क्या कहते हैं।

By admin