इमेज स्रोत, Alex Davidson-ICC/ICC via Getty Images
इमेज कैप्शन, बांग्लादेश के तेज़ गेंदबाज मुस्फ़िज़ुर रहमान को पाकिस्तान सुपर लीग टीम लाहौर कलंदर्स ने 6.44 करोड़ रुपये में खरीदा है
बांग्लादेश के तेज गेंदबाज़ मुस्तफ़िज़ुर रहमान को पाकिस्तान सुपर लीग की टीम लाहौर कलंदर्स ने 6 करोड़ 44 लाख पाकिस्तानी रुपये में साइन किया है.
मुस्तफ़िज़ुर रहमान पहले भी 2016 और 2018 में लाहौर कलंदर्स की टीम में शामिल किए गए थे, लेकिन चोट के कारण वह खेल नहीं पाए थे.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ लाहौर कलंदर्स के मालिक सामिन राणा ने मुस्तफ़िज़ुर के जुड़ने पर कहा, ”वह हमारे भाई हैं और परिवार का अहम हिस्सा हैं. हम उन्हें फिर से अपने ड्रेसिंग रूम में पाकर बेहद खुश हैं.”
मुस्तफ़िज़ुर आईपीएल की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) में शामिल थे. केकेआर ने उन्हें 9 करोड़ 20 लाख भारतीय रुपये में खरीदा था. लेकिन इस साल उनकी टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया था.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
भारत ने बांग्लादेश पर आरोप लगाया था कि वहां हिंदू अल्पसंख्यकों की जान को ख़तरा है.
भारत में बांग्लादेश में हो रही हिंसा के विरोध में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे और आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को शामिल ना करने की मांग की जा रही थी.
इसके बाद बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स को निर्देश दिए कि वो मुस्तफ़िज़ुर को टीम से रिलीज़ कर दे.
इस विवाद की वजह से ही बांग्लादेश ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए टी-20 वर्ल्ड कप में भारत में खेलने से इनकार कर दिया था. इसके बाद आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया था.
मुस्तफ़िज़ुर को केकेआर से हटाना बना विवाद की वजह
इमेज स्रोत, Pankaj Nangia/Getty Images
इमेज कैप्शन, मुस्तफ़िज़ुर रहमान आईपीएल में डेल्ही कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से भी खेल चुके हैं.
लाहौर कलंदर्स ने अपने कप्तान शाहीन शाह अफ़रीदी, बल्लेबाज़ अब्दुल्ला शफ़ीक, ऑलराउंडर सिकंदर रज़ा और युवा बल्लेबाज़ मुहम्मद नईम को पहले ही रिटेन कर लिया है.
गौरतलब है कि इस साल पीएसएल सीजन 11 के लिए नीलामी मॉडल में कई बड़े बदलाव किए गए हैं. पहली बार आईपीएल की तरह यहां भी खिलाड़ियों की नीलामी का सिस्टम अपनाया गया है.
इस नए मॉडल के तहत, हर फ्रेंचाइज़ी को यह अनुमति दी गई कि वह ऐसे विदेशी खिलाड़ियों को सीधे साइन कर सकती है, जो पीएसएल-10 का हिस्सा नहीं थे. इससे टीमों को अपने स्क्वाड को मज़बूत करने और नए विदेशी खिलाड़ियों को जोड़ने का मौका मिला है.
कुछ दिन पहले सियालकोट स्टैलियंस ने भी इसी ‘डायरेक्ट साइनिंग’ तरीके से स्टीव स्मिथ को अपनी टीम में शामिल किया था.
मुस्तफ़िज़ुर रहमान को केकेआर से हटाए जाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत जाकर टी-20 वर्ल्ड कप खेलने से इनकार कर दिया और तटस्थ स्थान पर मैच कराने की मांग की.
बांग्लादेश बोर्ड का कहना था कि अगर भारत में एक बांग्लादेशी खिलाड़ी की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती तो पूरी टीम की सुरक्षा कैसे संभव होगी.
हालांकि आईसीसी ने बांग्लादेश की आपत्तियों को ख़ारिज कर दिया और बांग्लादेश के मैच भारत से बाहर शिफ़्ट करने से इनकार कर दिया. फिर टी-20 वर्ल्ड कप में उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया.
इसके बाद इस मामले में पाकिस्तान भी सामने आया. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नक़वी ने इसे बांग्लादेश के साथ अन्याय बताया और पूरा समर्थन देने की घोषणा की.
बाद में पाकिस्तानी सरकार ने भी ऐलान किया कि वह वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम श्रीलंका भेजेगी, लेकिन 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ तय मैच नहीं खेलेगी.
इस मुद्दे पर अब भी गतिरोध बना हुआ है. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने भी बांग्लादेश के साथ एकजुटता जताई.
बांग्लादेश ने क्या कहा है
इमेज स्रोत, Munir UZ ZAMAN / AFP) (Photo by MUNIR UZ ZAMAN/AFP via Getty
इमेज कैप्शन, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ़ नज़रुल ने फ़ेसबुक पर एक पोस्ट में वर्ल्ड कप को लेकर विवाद में पाकिस्तान के समर्थन पर आभार जताया है.
इस मुद्दे पर पाकिस्तान के समर्थन के बाद बांग्लादेश ने उसे धन्यवाद किया है.
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ़ नज़रुल ने गुरुवार को पाकिस्तान को धन्यवाद दिया.
बांग्लादेश की जगह टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया. इसके विरोध में पाकिस्तान ने भारत के ख़िलाफ़ मैच का बहिष्कार करने की घोषणा की है.
बुधवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने अपनी कैबिनेट को संबोधित करते हुए दोबारा इस फ़ैसले को दोहराया.
उन्होंने कहा, “हमने बहुत सोच-समझकर एक स्टैंड लिया है. हमें बांग्लादेश के साथ पूरी तरह खड़े होना चाहिए. ये बहुत मुनासिब फ़ैसला है.”
इससे पहले आसिफ़ नज़रुल ने मुस्तफ़िज़ुर को केकेआर से हटाने के फ़ैसले का कड़ा विरोध किया था.
उन्होंने फ़ेसबुक पर एक पोस्ट कर कहा था, “भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने उग्र सांप्रदायिक समूहों की नीति को स्वीकार करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को बांग्लादेश के क्रिकेटर मुस्तफ़िज़ुर रहमान को टीम से हटाने का निर्देश दिया है. मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं और इसका विरोध करता हूं.”
पाकिस्तान में कैसी प्रतिक्रिया
इमेज स्रोत, Alex Davidson-ICC/ICC via Getty Images
इमेज कैप्शन, मुस्तफ़िज़ुर रहमान को लाहौर कंलदर्स में शामिल किए जाने का कई पाकिस्तानी स्वागत कर रहे हैं.
पाकिस्तान में सोशल मीडिया पर भी लाहौर कलंदर्स की ओर से मुस्तफ़िज़ुर रहमान को सीधे साइन करने को लेकर चर्चा तेज़ है.
जहां पाकिस्तानी यूज़र्स इस फैसले से खुश हैं, वहीं कई भारतीय यूज़र्स इसकी आलोचना कर रहे हैं.
साजिद सादिक़ ने एक्स पर लिखा, “आईपीएल का नुकसान, पीएसएल का फायदा.”
फरीद ख़ान ने लिखा कि लाहौर कलंदर्स ने मुस्तफिज़ुर को 6.44 करोड़ में साइन किया है और वह आईपीएल के कई भारतीय गेंदबाज़ों से बेहतर हैं.
काशिफ़ फरीद ने एक्स पर लिखा, “मुस्तफिज़ुर दुनिया के बेहतरीन गेंदबाज़ों में से हैं, हम पाकिस्तान में उनका स्वागत करते हैं.”
अरफ़ा फ़िरोज़ ज़की ने लिखा कि मुस्तफिज़ुर को सीधे साइन करना मुश्किल वक्त में बांग्लादेश के साथ एकजुटता का संकेत है.
30 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज़ मुस्तफ़िज़ुर रहमान को दुनिया के बेहतरीन तेज गेंदबाज़ों में गिना जाता है.
उन्होंने बांग्लादेश के लिए 15 टेस्ट मैच खेले हैं और उनमें 31 विकेट लिए हैं. उन्होंने 116 वनडे में 177 विकेट लिए हैं. वहीं 126 टी20 मैचों में 158 विकेट लिए हैं.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.