• Tue. Mar 18th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

‘मैं अपने बेटे की जान की भीख मांगती हूं’, मणिपुर में लापता 20 वर्षीय युवक की मां की भावुक अपील

Byadmin

Mar 18, 2025


सुप्रीम कोर्ट का छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मणिपुर का दौरा करेगा। इस बीच 20 वर्षीय युवक के लापता होने के बाद से मणिपुर में तनाव बढ़ने लगा है। राजधानी इंफाल में लोगों ने युवक को बचाने की अपील प्रशासन से की। प्रदर्शन में युवक की मां ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने प्रशासन से बेहद भावुक अपील की। 20 वर्षीय लुवांगथेम मुकेश रविवार दोपहर से लापता है।

पीटीआई, इंफाल। मणिपुर में 20 वर्षीय युवक के लापता होने के बाद से तनाव बढ़ गया है। लापता युवक की पहचान लुवांगथेम मुकेश के तौर पर हुई है। मां ने पुलिस को गुमशुदगी की रिपोर्ट दी है। मंगलवार को युवक की मां ने अधिकारियों से अपने बेटे की सकुशल वापसी की अपील की। लुवांगथेम मुकेश इंफाल पश्चिम जिले का रहने वाला है।

मुकेश रविवार दोपहर से लापता है। वह अपने घर से एक कार में निकला था। उनकी कार को आखिरी बार बिष्णुपुर जिले में चिनीकॉन के पास देखा गया था। यह इलाका कुकी बहुल कांगपोकपी जिले के नजदीक पड़ता है। लुवांगथेम मुकेश की आखिरी मोबाइल टावर लोकेशन भी नोनी जिले के जौजांगटेक इलाके मिली है। यह क्षेत्र भी कुकी बहुल हैं।

कोई मां-बाप नहीं झेल सकता बेटे को खोने का गम

युवक की मां लुवांगथेम ओंगबी ओमिला देवी ने अधिकारियों से अपने बेटे को बचाने की अपील की। उन्होंने राजधानी इंफाल में एक प्रदर्शन में भी हिस्सा लिया। इसमें सुरक्षा बलों से 20 वर्षीय मुकेश को छुड़ाने की मांग की गई है। प्रदर्शन इंफाल के केसम्पट इलाके में हुआ।

प्रदर्शनकारियों ने निर्दोष नागरिकों की जान बचाने की अपील भी की। पत्रकारों से बातचीत में मुकेश की मां ने कहा कि कोई भी माता-पिता अपने बच्चों को खोने का दुख नहीं झेल सकता। मैं अपने बेटे की जान की भीख मांगती हूं।

दावा- अब तक 30 युवक लापता

प्रदर्शनकारी रनिता चानू ने दावा किया कि 2023 में मणिपुर में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से 30 से अधिक मैतेई युवा इसी तरह लापता हो चुके हैं। उनके बारे में कोई अधिकारिक जानकारी नहीं है। सुरक्षा बल जांच में जुटे हैं लेकिन हमें नहीं पता कि वे जीवित हैं या नहीं। क्या लोकतांत्रिक देश में यही जीवन जीने का तरीका है?

अठावले की पार्टी ने की ये मांग

उधर, दिल्ली में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) की दिल्ली यूथ विंग ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें मुकेश को बचाने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। बता दें कि मई 2023 से मणिपुर की इंफाल घाटी स्थित मैतेई और आसपास के पहाड़ों पर बसे कुकी-जो समूहों के बीच जातीय संघर्ष जारी है। अब तक 250 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

मणिपुर जाएगा सुप्रीम कोर्ट का प्रतिनिधिमंडल

सुप्रीम कोर्ट के छह न्यायाधीशों का एक प्रतिनिधिमंडल मणिपुर जाएगा। न्यायमूर्ति बीआर गवई के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल 22 मार्च को मणिपुर में राहत शिविरों का दौरा करेगा। प्रतिनिधिमंडल में न्यायमूर्ति बीआर गवई, सूर्यकांत, विक्रम नाथ, एमएम सुंदरेश, केवी विश्वनाथन और एन कोटिश्वर शामिल होंगे।यह भी पढ़ें: ‘पत्थरों से भरी ट्रॉली मिली, चुनिंदा घरों को ही निशाना बनाया’, CM फडणवीस बोले- सुनियोजित थी नागपुर हिंसा
यह भी पढ़ें:  रूस-यूक्रेन युद्ध पर लगने जा रहा ब्रेक! ट्रंप और पुतिन आज करेंगे बात; जेलेंस्की को सता रही किस बात की चिंता?

देश-दुनिया की हर ताज़ा खबर और सटीक जानकारी, हर पल आपके मोबाइल पर! अभी डाउनलोड करें- जागरण ऐप

By admin