• Wed. Dec 17th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

मौसम:देश के अधिकतर हिस्सों में शीतलहर, पहाड़ों पर बर्फ…मैदानों में कोहरा; रात में गलन और Ncr में गिरा पारा – Weather: Cold Wave In Most Parts Of The Country, Snowfall In The Mountains

Byadmin

Dec 17, 2025


देश के अधिकतर हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पहाड़ी राज्यों में शुष्क लेकिन तीखी ठंड और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जबकि मैदानी हिस्सों में घना कोहरा और प्रदूषण जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। वहीं, दक्षिण भारत और समुद्री क्षेत्रों में चक्रवातीय प्रसार के चलते गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत पर पश्चिमी विक्षोभ और उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम का असर बना हुआ है, जबकि दक्षिण में ऊपरी हवाओं की गतिविधियां सक्रिय हैं। दिल्ली-एनसीआर में तापमान गिरने से 5 दिन तक कोहरे का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार इस समय उत्तर पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में ऊंचाई पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके साथ ही मध्य स्तरों में एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ (दबाव क्षेत्र) के रूप में मौजूद है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में ठंडक बनी हुई है। उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है, जिसकी हवा की गति 120 नॉट (करीब 223 किमी.) तक पहुंच रही है। यही जेट स्ट्रीम सर्दियों में पश्चिमी विक्षोभ को मजबूती देती है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 दिसंबर की रात से एक नया, हालांकि कमजोर, पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों के मौसम में बदलाव ला सकता है। मैदानी इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहने से दृश्यता काफी कम हो रही है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, 17 से 20 दिसंबर के बीच उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है और रात की ठंड बढ़ेगी, जबकि दिन में धूप निकलने पर तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। 

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 17 और 18 दिसंबर को कोहरा बना रह सकता है। उत्तर प्रदेश में 17 दिसंबर को बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी गई है, जबकि मध्य प्रदेश में 17 और 18 दिसंबर को बेहद घने कोहरे के आसार जताए हैं। हिमाचल और पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों में भी कोहरा हो सकता है।  पूर्वी उत्तर प्रदेश में ठंडी पछुआ हवाओं का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है। आने वाले दिनों में हवा की गति कमजोर रहने के कारण ठंड और कोहरे की स्थिति फिलहाल बनी रहने के आसार हैं।

हिमाचल : ऊंचे इलाकों में बर्फ, मैदानों में कोहरे का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम ने करवट ली है। लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे ठंड और बढ़ गई है। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 5.7 डिग्री और ताबो में माइनस 2.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने 17 और 18 दिसंबर के लिए मैदानी क्षेत्रों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 17 दिसंबर की रात से नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

उत्तराखंड : शुष्क ठंड, तापमान में गिरावट

उत्तराखंड में मौसम सर्द लेकिन सूखा बना हुआ है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। दिन में धूप निकलने से ठंड का अहसास कुछ कम रहेगा, लेकिन रातें बेहद सर्द रहेंगी।

शिमला में 34 साल बाद रात का पारा चढ़ा

पहाड़ों की रानी शिमला में 34 साल बाद दिसंबर में रातों का न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया है। आंकड़ों के अनुसार 17 दिसंबर 1991 को शिमला में रात का न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था। सोमवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री रहा।

दिल्ली-एनसीआर में गिरा तापमान, 5 दिन तक कोहरे का अनुमान

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार के मुकाबले में मंगलवार को तेज धूप निकली। इस दौरान हवाएं भी चलीं। इस कारण सुबह के समय में ज्यादा कोहरा नहीं दिखा, जबकि मंगलवार के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी हुआ था। वहीं न्यूनतम तापमान में एक बार फिर से गिरावट देखने को मिली। 

मौसम विभाग ने 17 से 22 दिसंबर तक हल्के से मध्यम स्तर के कोहरे का अनुमान जताया है। वहीं 17 दिसंबर रात से हिमालय क्षेत्र में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण चार-पांच दिन आंशिक रूप से बादल छाने की भी संभावना है। 

दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री व न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री कम 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री ज्यादा 23.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 

अब आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 22 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री के बीच बने रहने की संभावना है। तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होने के कारण दिसंबर वाली सर्दी का अहसास नहीं होगा। मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर के अंत तक दिल्ली में कड़ाके की ठंड के आसार नहीं है। ऐसा इसलिए होगा, क्योंकि ना ही नवंबर में और ना ही दिसंबर में बारिश हुई है। 

By admin