डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर भारत में कई दिनों से तेज गर्मी से लोग परेशान थे, लेकिन बीते एक-दो दिनों में मौसम का रुख बदला है। दिल्ली एनसीआर, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत 18 राज्यों में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट है।
भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की आशंका जताई है। पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तराखंड में कई जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, बिहार, सिक्किम और उत्तर प्रदेश में बिजली की चमक के साथ आंधी-तूफान आ सकता है। इन राज्यों के कई शहर और गांव में 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी आ सकती है।
बिहार, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित 18 राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका भी है।

बारिश ने बदला मौसम का मिजाज़
दिल्ली में रविवार की सुबह हल्की बारिश होने से मौसम का मिजाज़ बदल गया। दिल्ली में मार्च में ही मई-जून जैसी गर्मी पड़नी शुरू हो गई थी, लेकिन बारिश के होने से लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है।
पंजाब और हरियाणा में भी रविवार को हल्की बारिश हुई। राजस्थान के उत्तरी इलाके में भी हल्की बूंदाबांदी हुई।
कश्मीर-उत्तराखंड में बर्फबारी
कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को बर्फबारी हुई। बर्फबारी के चलते श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे भी बंद हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश और कश्मीर में 21 मार्च तक हल्की बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है।

सिक्किम में महिला की मौत
सिक्किम में रविवार देर शाम मौसम बदल गया और यहां तूफान के साथ मूसलाधार बारिश हुई। आंधी-तूफान की वजह से कई जगहों पर बड़े-बड़े पेड़ और बिजली के पोल तक गिर गए। रकडोंग काफर इलाके में पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई।