डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लेकसिटी उदयपुर में हो रही रामा राजू मंटेना की बेटी नेत्रा मंटेना और वामसी गडिराजू की रॉयल वेडिंग में शुक्रवार शाम सिटी पैलेस में बॉलीवुड नाइट का भव्य आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के बेटे डोनल्ड ट्रंप जूनियर और उनकी गर्लफ्रेंड बेटिना एंडरसन ने बॉलीवुड गानों पर धमाल मचाया।
रणवीर सिंह ने मंच पर दोनों के साथ डांस किया और बेटिना को फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के ‘झुमका’ सॉन्ग पर परफॉर्म भी करवाया।
इस स्टार-स्टडेड नाइट में वरुण धवन, कृति सेनन, जैकलीन फर्नांडिस, जाह्नवी कपूर और शाहिद कपूर जैसे कई बॉलीवुड सेलेब्स ने परफॉर्मेंस दीं। देसी गानों पर सभी स्टार्स की परफॉर्मेंस ने देश-विदेश से आए मेहमानों को झूमने पर मजबूर कर दिया। फंक्शन में प्रोड्यूसर-डायरेक्टर करण जौहर ने दूल्हा वामसी और दुल्हन नेत्रा के साथ टॉक शो थीम पर मजेदार सवाल-जवाब किए।
जेनिफर लोपेज का फूल बरसाकर स्वागत
शुक्रवार रात हॉलीवुड स्टार जेनिफर लोपेज उदयपुर पहुंचीं। लीला पैलेस में उनका शाही अंदाज में फूल बरसाकर स्वागत किया गया। आज होने वाली हॉलीवुड नाइट में जेनिफर लोपेज पॉप स्टार जस्टिन बीबर के साथ स्टेज शेयर करेंगी। बीबर आज दोपहर उदयपुर पहुंचेंगे।
आज मेहंदी, डिनर और आफ्टर पार्टी
शुक्रवार को ताज लेक पैलेस में हल्दी की रस्में हुईं। आज शाम 8 बजे माणक चौक, सिटी पैलेस में मेहंदी और डिनर का कार्यक्रम होगा। इसके बाद रात 11:30 से 1 बजे तक ताज लेक पैलेस और लीला पैलेस में दो अलग-अलग आफ्टर पार्टियां होंगी।
बारात आज, फेरे कल
मुख्य विवाह समारोह 23 नवंबर को जगमंदिर आइलैंड पैलेस में होगा। बारात आज शाम 4 से 5:30 बजे के बीच सिटी पैलेस की बड़ी पाल से रामेश्वर घाट तक निकलेगी। उदयपुर की इस रॉयल वेडिंग में बॉलीवुड और हॉलीवुड के 10 से ज्यादा बड़े स्टार्स शिरकत कर रहे हैं, जिससे शहर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।