जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की आशंका के बीच ओडिशा कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि बेंगलुरु में भाजपा की ओर से उनकी पार्टी के विधायकों को पांच-पांच करोड़ रुपये की रिश्वत देने की कोशिश की गई। बेंगलुरु पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
कांग्रेस ने आठ विधायकों को क्रॉस वोटिंग की कोशिशों से बचाने के उद्देश्य से तीन दिन पहले ही बेंगलुरु भेजा था। ये कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की देखरेख में हैं। राज्यसभा चुनाव आज को होने वाला है।
‘प्रति वोट पांच करोड़ रुपये देने की पेशकश’
आईएएनएस के अनुसार, शिवकुमार ने कहा, “चार लोग आए थे। सुरेश नाम के एक स्थानीय व्यक्ति की मदद से उन्होंने एक कमरा बुक कराया था। वे उस होटल परिसर में दाखिल हुए, जहां इस समय आठ कांग्रेस विधायक ठहरे हुए हैं। सुबह एक विधायक से मिले और उन्हें प्रति वोट पांच करोड़ रुपये देने की पेशकश की।
वहीं, जागरण संवाददाता के अनुसार, ओडिशा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कोरापुट के सांसद सप्तगिरी उलाका ने कहा कि संदिग्ध बीरेंद्र प्रसाद, सुरेश, अजीत साहू और सीमांचल महाकुड़ उसी होटल में ठहरे थे। ये चारो ओडिशा के राउरकेला से शनिवार रात वहां पहुंचे थे। इन लोगों ने कर्नाटक पुलिस की पूछताछ में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय का नाम लिया है।
भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को किया खारिज
उलाका ने दावा किया कि जिस होटल में विधायक ठहरे थे, वह दिलीप राय का है। उन्होंने कहा कि इस मामले में ओडिशा के मुख्यमंत्री के करीबी बताए जा रहे एक व्यक्ति जायसवाल का नाम भी सामने आया है।
हालांकि, भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। ओडिशा भाजपा प्रवक्ता अनिल बिस्वाल ने कहा कि कांग्रेस के आरोप झूठे हैं और राज्यसभा चुनाव में अपनी निश्चित हार को देखते हुए वह इस तरह के निराधार आरोप लगा रहे हैं।