पीटीआई, नई दिल्ली। म्यांमार में साइबर धोखाधड़ी सेंटरों पर कार्रवाई के बाद लगभग 500 भारतीय नागरिक थाइलैंड में प्रवेश कर गए हैं। सूत्रों के अनुसार, भारत थाई अधिकारियों के साथ मिलकर उन्हें स्वदेश लाने की प्रक्रिया में जुटा है।
जानकारी के अनुसार, भारत थाइलैंड के लिए एक विमान भेजने पर विचार कर रहा है, ताकि अधिकांश भारतीयों को वापस लाया जा सके। ये भारतीय नागरिक म्यांमार के केके पार्क परिसर के स्कैम सेंटरों के शिकार बने थे।
थाई प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने कहा कि लगभग 500 भारतीय पश्चिमी थाइलैंड के मेई सोत में हैं। उन्होंने बताया- ”भारतीय सरकार उन्हें सीधे वापस लाने के लिए एक विमान भेजेगी।”
विदेश मंत्रालय ने कहा कि बैंकाक में भारतीय दूतावास इस मामले पर थाई अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा- ”हमें उन भारतीय नागरिकों के बारे में जानकारी है जिन्हें थाई अधिकारियों ने हिरासत में लिया है। राष्ट्रीयता की पुष्टि और आवश्यक कानूनी औपचारिकताए पूरी करने के बाद उन्हें भारत लाए जाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। ”
रिपोर्टों के अनुसार, भारतीय नागरिकों के अलावा 28 देशों के 1,500 से अधिक लोग म्यांमार से भाग चुके हैं। ये लोग स्कैम सेंटरों पर कार्रवाई के बाद वहां से निकले हैं। म्यांमार के स्कैम सेंटरों का संबंध अंतरराष्ट्रीय साइबर स्कैम से है।
एक यूएन रिपोर्ट के अनुसार, विभिन्न देशों के सैकड़ों तस्करी किए गए लोगों को इन केंद्रों में धोखाधड़ी करने के लिए मजबूर किया गया। इसी तरह के सेंटर कंबोडिया, लाओस, फिलीपींस और मलेशिया में भी होने की सूचना है।