कर्नाटक में बस चालक और कंडक्टर की पिटाई मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। कोर्ट ने गिरफ्तार आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोप है कि मराठी न बोल पाने की वजह से कंडक्टर की पिटाई की गई है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
एएनआई, बेलगावी। कर्नाटक के बेलगावी में भाषा विवाद में बस चालक और कंडक्टर की पिटाई का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना शुक्रवार दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे की है।
मुफ्त टिकट मांगने पर बढ़ा विवाद
पुलिस के मुताबिक उत्तर पश्चिमी कर्नाटक सड़क परिवहन निगम के बस चालक और कंडक्टर पर युवकों के झुंड ने सुलेभवी के पास हमला किया है। बस कंडक्टर महादेव हुक्केरी ने बताया कि बस में लड़की और एक युवक साथ में बैठे थे। मैं टिकट काट रहा था। कर्नाटक में महिलाओं के लिए बस में मुफ्त यात्रा की सुविधा है। मगर लड़के के साथ बैठी महिला ने दो फ्री टिकट की मांग की लेकिन मैंने उसे एक ही टिकट दिया।
मराठी न बोलने पर हुआ झगड़ा
कंडक्टर ने आगे बताया कि जब मैंने पूछा कि दूसरा टिकट क्यों चाहिए तो लड़की ने लड़के की तरफ इशारा किया। मगर मैंने यह बताया कि कर्नाटक में पुरुषों के लिए बस में मुफ्त सफर की सुविधा नहीं है तो उन्होंने मुझसे मराठी में बात करने को कहा। मैंने कहा कि मुझे मराठी नहीं आती है। मैंने उनसे कन्नड़ में बात करने को कहा। इतने पर ही बस में सवार 6-7 लोगों ने हमला कर दिया। बस के रुकते ही वहां लगभग 50 लोग और पहुंच गए। सभी ने मिलकर पिटाई की।
डीसीपी ने जाना कंडक्टर का हाल
कर्नाटक की मरिहाल पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को हिरासत में भी लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मारुति तुरुमुरी, राहुल नायडू और बालू गोजगेकर के तौर पर हुई है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहन जगदीश ने बेलगावी स्थित बीआईएमएस अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने कंडक्टर का हालचाल जाना। आरोप के मुताबिक जब कंडक्टर पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराने गया तो उसे समझौता करने की सलाह दी गई।
आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में
डीसीपी रोहन जगदीश ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। तीनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: सफेद कपड़े में मां की लाश… फांसी पर झूलते मिले IRS अधिकारी और JPSC टॉपर बहन; बगल में रखे फूल से खुलेगा राज?
देश-दुनिया की हर ताज़ा खबर और सटीक जानकारी, हर पल आपके मोबाइल पर! अभी डाउनलोड करें- जागरण ऐप