• Mon. Nov 2nd, 2026

24×7 Live News

Apdin News

विपक्ष की रैली से 12,000 करोड़ के नुकसान का दावा:’राहुल गांधी को भेज दें कहीं दूर’, किसने की ये मांग? – India-alliance-rally-business-loss-12000-crore-eac-pm-member-gaurav-vallabh-slams-rahul-gandhi-cti

Byadmin

Nov 2, 2026


दिल्ली के रामलीला मैदान पर इंडिया ब्लॉक की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली के बाद व्यापारियों में गुस्सा बढ़ गया है। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य गौरव वल्लभ ने कहा कि राहुल गांधी की अराजकता, भ्रम और डर की राजनीति के कारण व्यापारियों को 12,000 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कांग्रेस सांसद से सवाल पूछा कि इसकी भरपाई कौन करेगा?

उन्होंने कहा, ”1905 में बने देश के सबसे पुराने किराना संगठन ने पत्र लिखकर बताया है कि इन अड़चनों के कारण उनका 12 हजार करोड़ के नुकसान हुआ है। इसी तरह सूखे मेवे के व्यापारियों के संगठन ने एक हजार करोड़ के नुकसान का अंदाजा लगाया है। इस तरह की राजनीति करने के लिए राहुल गांधी को कहीं दूर भेज दिया जाए, ऐसे इलाकों में जहां भीड़-भाड़ न हो। इस तरह का आग्रह किया गया है।”

विपक्ष की रैली से दिल्ली के व्यापार को 11,000 करोड़ रुपए का नुकसान: सीटीआई

रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर व्यापारिक संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने दावा किया है कि इसके कारण दिल्ली के कारोबार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि रैली से पहले बड़े पैमाने पर प्रचार किया गया था कि करीब 10 लाख लोग इसमें शामिल होंगे। 

अनुमान था कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों को लाने के लिए लगभग 15,000 से 20,000 वाहन आएंगे। नतीजतन, पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में भय और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ था। इसी वजह से राजधानी में कई दिनों से डर, अनिश्चितता और ट्रैफिक प्रतिबंधों का माहौल बना हुआ था, जिसका सीधा असर बाजारों और व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ा। 

‘रैली वाले दिन न के बराबर रहा कारोबार’

न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में गोयल ने कहा कि सामान्य दिनों में दिल्ली के बाजारों में खरीदारी और कारोबार के लिए रोजाना 3 से 4 लाख लोग बाहर से आते हैं, लेकिन रैली वाले दिन उनकी संख्या बेहद कम रही।

उन्होंने कहा, “रामलीला मैदान के आसपास के 22 से 25 प्रमुख बाजारों में करीब 3 लाख दुकानें हैं। विभिन्न बाजार संघों से मिली जानकारी के आधार पर सीटीआई का अनुमान है कि शाम तक लगभग 2.5 लाख दुकानें, यानी करीब 80 प्रतिशत प्रतिष्ठान, बंद रहे। जो दुकानें खुली भी थीं, वहां कारोबार लगभग न के बराबर रहा।”

सीटीआई ने चार बार पत्र लिख रैली स्थगित करने का किया था आग्रह

इससे पहले बृजेश गोयल ने कहा था कि सीटीआई ने रैली से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चार बार पत्र लिखकर कार्यक्रम स्थगित करने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा कि करीब 100 प्रमुख बाजार संगठनों ने भी यही मांग उठाई थी, लेकिन इसका कोई राजनीतिक मकसद नहीं था।

By admin