• Mon. Mar 2nd, 2026

24×7 Live News

Apdin News

वैश्विक शिक्षा का केंद्र बनने की ओर भारत, पांच और विदेशी विश्वविद्यालयों के खुलेंगे कैंपस

Byadmin

Mar 2, 2026


जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। विदेशों में पढ़ने जाने वाले छात्रों को देश में उच्च शिक्षा के बेहतर विकल्प मुहैया कराने सहित दुनिया भर के छात्रों के लिए देश को विश्वस्तरीय शिक्षा का बड़ा केंद्र बनाने की योजना को शिक्षा मंत्रालय ने सोमवार को पचास से अधिक देशों के राजनयिकों के साथ साझा किया। साथ ही बताया कि भारत में अब तक 19 शीर्ष विदेशी विश्वविद्यालयों के कैंपस खोलने की अनुमति दी जा चुकी है।

इस महीने में अमेरिका, इटली, यूनाइटेड किंगडम व आस्ट्रेलिया के पांच विश्वविद्यालयों को इसकी अनुमति दी गई है। इनमें यूनाइटेड किंगडम के तीन बड़े विश्वविद्यालयों को गुजरात के गिफ्ट सिटी में कैंपस खोलने की अनुमति दी गई है।

भारत को वैश्विक शिक्षा केंद्र बनाने की योजना साझा की

शिक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित स्टडी इन इंडिया एजुकेशन डिप्लोमैटिक कान्क्लेव-2026 में शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान ने उच्च शिक्षा के अंतरराष्ट्रीयकरण की दिशा में चल रहे प्रयासों को साझा किया। साथ ही बताया कि उनका फोकस शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार और उच्च शिक्षा को सबकी पहुंच में रखने की ओर है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका जीवंत ज्ञान तंत्र, बड़ी युवा आबादी का होना और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है।

देश में मौजूदा समय में कुल आबादी का करीब 65 प्रतिशत हिस्सा 35 साल से कम उम्र के लोगों का है। ऐसे में देश के सामने चुनौती इन्हें उच्च शिक्षा से जोड़ने की है। साथ ही उच्च शिक्षा के लिए इनके विदेशों में होने वाले पलायन को भी रोकने की है।

तीन यूके विश्वविद्यालय गुजरात के गिफ्ट सिटी में कैंपस खोलेंगे

विदेशी विश्वविद्यालयों के कैंपस खोलने की अनुमति इसी पहल का एक हिस्सा है। उन्होंने इस दौरान देश के उच्च शिक्षा के विस्तृत ढांचे को भी साझा किया और दुनिया भर के देशों से अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए भारत भेजने की पहल करने को कहा है।

उन्होंने बताया कि देश में मौजूदा समय में 12 सौ से अधिक विश्वविद्यालय, 45 हजार से अधिक कालेज व स्वायत्त उच्च शिक्षण संस्थान है। इन सभी संस्थानों में शोध, नवाचार के साथ एआई, जैव प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर और रिन्यूएबल एनर्जी को लेकर तेजी से काम चल रहा है।

इस दौरान उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी ने बताया कि देश में विदेशी विश्वविद्यालयों को कैंपस खोलने की अनुमति देने के लिए एक पारदर्शी व्यवस्था बनाई गई है। जिसके जरिए महीने के भीतर ही उन्हें अनुमति दी जा रही है।

By admin