पीटीआई, हैदराबाद। एक 24 वर्षीय व्यक्ति ने शादी रद होने के बाद कथित तौर पर 22 वर्षीय महिला को एचआइवी संक्रमित खून इंजेक्ट कर दिया। यह घटना 11 मार्च की है। आरोपित अचानक पीड़िता के घर पहुंचा और उसने जबरदस्ती उसे एचआइवी संक्रमित खून इंजेक्ट कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपित और पीड़िता रिश्तेदार हैं। पीड़िता के माता-पिता ने पहले अपनी बेटी की शादी उससे तय की थी। चूंकि आरोपित के माता-पिता पहले से ही एचआइवी से संक्रमित थे, इसलिए महिला के माता-पिता ने पिछले साल सितंबर उसका भी एचआइवी जांच कराई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में एचआइवी पॉजिटिव पाए जाने के बाद महिला के पिता ने अपनी बेटी की शादी उससे न करने का निर्णय लिया। आरोपित ने यह सोचकर ऐसा किया कि महिला उससे शादी कर लेगी और हमेशा के लिए उसके साथ रहेगी।
पुलिस ने बताया कि महिला के पिता की शिकायत के आधार पर पोचारम आइटी कारिडोर पुलिस स्टेशन में आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आगे की जांच जारी है।