इमेज कैप्शन, राजस्थान रॉयल्स के ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के एक सीज़न में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया है
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 5 मिनट
दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने फटाफट क्रिकेट की सनसनी बन चुके वैभव सूर्यवंशी को ‘वाकई बेहद ख़ास’ बताया है और कहा कि किसी को भी ‘उसकी (वैभव) स्वाभाविक खेल शैली के साथ छेड़छाड़ नहीं करनी चाहिए.’
बिहार से ताल्लुक रखने वाले सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन किया. हालाँकि उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स फ़ाइनल मुक़ाबले में नहीं पहुँच सकी, लेकिन बाएं हाथ के इस ओपनर ने अपने ज़ोरदार प्रहारों से तमाम क्रिकेट प्रशंसकों का दिल जीत लिया है.
उन्होंने मौजूदा आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए कुल मिलाकर 776 रन बनाए और वो भी 237 से अधिक की स्ट्राइक रेट के साथ.
सूर्यवंशी ने इस दौरान 72 छक्के लगाए और वेस्ट इंडीज़ के धाकड़ बल्लेबाज़ क्रिस गेल के एक आईपीएल सीज़न में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया. क्रिस गेल ने एक सत्र में 59 छक्के लगाए थे.
इस बीच, मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर समेत कई पूर्व क्रिकेटरों ने 15 साल के वैभव के प्रदर्शन की जमकर तारीफ़ की है.
मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में सचिन ने कहा कि उन्होंने सूर्यवंशी की बल्लेबाज़ी देखी है, वह शानदार है.
उन्होंने कहा, “हर कोई सूर्यवंशी की बात कर रहा है और मैंने उसकी बल्लेबाज़ी देखी है- वह शानदार है. मेरा मतलब है कि वह वास्तव में कुछ बेहद ख़ास है. सिर्फ़ गेंद को ज़ोरदार तरीके से मारने की उसकी काबिलियत ही नहीं, बल्कि मुझे सबसे ज्यादा जिस चीज़ ने प्रभावित किया, वह उसकी अपनी कलाइयों का इस्तेमाल करने की कला. उसकी बल्लेबाज़ी में कलाइयों का कमाल देखने लायक है.”
सचिन ने कहा, “(एक बल्लेबाज़ के लिए) मैदान के हर हिस्से में शॉट खेलने के लिए कलाइयों का अच्छा इस्तेमाल आना ज़रूरी है. और वह सिर्फ़ ताकत के भरोसे गेंद को नहीं मार रहा है. वह बाकी खिलाड़ियों की तुलना में गेंद की लाइन और लेंग्थ को पहले ही भांप लेता है और आसानी से गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा देता है.”
‘दबाव न बनाएं’
सचिन तेंदुलकर ने कहा कि वह चाहते हैं कि वैभव सूर्यवंशी आगे चलकर टेस्ट क्रिकेट भी खेले, लेकिन उसे जल्दबाजी में उस स्तर पर नहीं पहुंचाया जाना चाहिए.
सचिन ने एक्सपर्ट और क्रिकेट प्रशंसकों से अपील की कि इस युवा खिलाड़ी को प्रोत्साहन और समर्थन दिया जाना चाहिए, लेकिन उस पर लगातार दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा, “मैं उससे यही कहूंगा कि वह खुद जैसा है, वैसा ही बना रहे. हर चीज़ की एक शुरुआत होती है. टेस्ट क्रिकेट में उम्र और अनुभव के साथ वह अलग-अलग चुनौतियों से निपटना सीख जाएगा. सबसे महत्वपूर्ण है समाधान खोजने वाली सोच रखना. समस्याएं हमेशा रहेंगी. आपके करियर के आखिरी दिन तक, यहां तक कि आखिरी गेंद तक भी समस्याएं बरकरार रहेंगी. गेंदबाज़ हर गेंद पर आपसे एक सवाल पूछता है. अब आपको (गेंदबाज़ को) उसका क्या जवाब मिलता है, यही मायने रखता है.”
सचिन ने कहा, “वह ऐसा खिलाड़ी लगता है जो आत्मविश्वास से भरा हुआ है और उसे अच्छी तरह पता है कि वह क्या करना चाहता है.”
“वह जिस तरह गेंद को देखता है और जिस तरह उस पर रिएक्ट करता है, अगर उस प्रोसेस में बाधा डाली जाए- अगर उसे बहुत सारी बातें बताकर उसके रास्ते में रुकावटें खड़ी कर दी जाएं, तो वही उसके लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी. मैं उसे पूरी आज़ादी देना चाहूंगा ताकि वह उसी अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करे, जिस तरह वह करता है. समय के साथ वह खेल की दूसरी चुनौतियों से निपटना भी सीख जाएगा.”
तेंदुलकर ने कहा, “सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि हर कोई किसी न किसी दिन उसे टेस्ट क्रिकेट खेलते देखना चाहता है. मुझे नहीं पता कि वह समय कब आएगा. लेकिन ऐसी रोमांचक प्रतिभा को प्रोत्साहन की ज़रूरत होती है. अगर वह अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, तो हमें उसका समर्थन करना चाहिए, उसका उत्साह बढ़ाना चाहिए और सबसे बढ़कर उसके खेल का आनंद लेना चाहिए. उस पर लगातार यह दबाव नहीं डालना चाहिए कि उसे यह खेलना चाहिए या नहीं खेलना चाहिए, या उसे किस फॉर्मेट (टीम) में चुना जाना चाहिए. यह फैसला उन लोगों पर छोड़ देना चाहिए जो इसके लिए जिम्मेदार हैं.”
स्टेन, कपिल और अमिताभ भी मुरीद
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने कई तूफ़ानी पारियां खेली हैं
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व टेस्ट गेंदबाज़ डेल स्टेन ने भी कहा है कि वह सूर्यवंशी को टेस्ट क्रिकेट खेलता देखना चाहते हैं.
डेल स्टेन ने एक्स पर लिखा, “अगर सूर्यवंशी दुनिया को यह बताता है कि भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना उसका सपना है, तो इससे बड़ा टेस्ट क्रिकेट का प्रचार और कुछ नहीं हो सकता. यंग सर, हमारी उम्मीदें तुमसे जुड़ी हैं. हम तुम्हारे उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं.”
भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव ने भी वैभव सूर्यवंशी को ख़ास प्रतिभाशाली खिलाड़ी बताया था.
उन्होंने कहा था, “वैभव सूर्यवंशी एक बेहद खास प्रतिभा है, लेकिन हमें उसे समय देना होगा. 16 साल का खिलाड़ी आखिर 16 साल का ही होता है. फिलहाल उसकी दुनिया सिर्फ क्रिकेट तक सीमित है. जब वह खेल के बाहर की ज़िंदगी को समझने लगेगा, तब चीजें अलग होंगी. इसमें कोई शक नहीं कि वह असाधारण प्रतिभा का धनी है, लेकिन उसे अभी बहुत लंबा सफर तय करना है.”
मशहूर अभिनेता अमिताभ बच्चन ने एक्स पर लिखा, “सूर्यवंशी- 15 साल की उम्र का अद्भुत सूर्य. इस उम्र में तो हम बंटों और गुल्ली डंडा भी ठीक से नहीं खेल पा रहे थे!”
वैभव सूर्यवंशी को आगामी एशियन गेम्स के लिए भारत की 30 सदस्यीय संभावित खिलाड़ियों की सूची में भी शामिल किया गया है. ख़ास बात ये है कि संभावितों की इस सूची में सूर्य कुमार यादव और शुभमन गिल का नाम नहीं है. जापान में होने वाले एशियाई खेलों में पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से 3 अक्तूबर तक आयोजित की जाएगी.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.