• Sat. Apr 11th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

सर ! हमारे स्कूल के पास सफाई करा दीजिए… हमें कीचड़ से गुजरना पड़ रहा, बिजनौर में छात्र-छात्राओं की गुहार 

Byadmin

Apr 11, 2026


संवाद सहयोगी, धामपुर (बिजनौर)। बीडीओ सर… हमारे स्कूल के आसपास सफाई करवा दीजिए और स्कूल के रास्ते पर कीचड़ व जल भराव की समस्या का समाधान कर दीजिए। कीचड़ से गुजरने में हमें बहुत परेशानी होती है… यह गुहार कीचड़ व गंदगी से परेशान छात्र-छात्राओं की है।

उन्होंने कई माह से समाधान ना होने पर अब ब्लाक धामपुर के बीडीओ को पत्र लिखकर अपनी समस्या बताई है। पिछले कई माह से स्कूली बच्चे कीचड़ व गंदगी से गजुर कर विद्यालय जा रहे हैं। उच्च प्राथमिक विद्यालय के तो मुख्य गेट के बाहर गंदा पानी व कीचड़ जमा है।

स्योहारा मार्ग स्थित गांव सद्दोबेर में प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय दोनों आसपास हैं। गांव से बाहर जाने वाले मार्ग पर स्थित दोनों विद्यालयों को जाने वाला मार्ग पिछले काफी समय से बदहाल है। यहां तक कि ग्राम पंचायत की लापरवाही के चलते कीचड़ व जल भराव पिछले कई माह से है।

लगातार शिक्षकों व ग्रामीणों की शिकायतों के बावजूद भी गंदे पानी के निकासी व साफ सफाई नहीं कराई गई है। प्राथमिक विद्यालय में लगभग 100 और उच्च प्राथमिक में 55 बच्चों का पंजीकरण है।

गंदे पानी व कीचड़ से गुजरते हैं बच्चे

इसी कीचड़ व गंदगी से गुजर कर छात्र-छात्राएं अपने स्कूल में जाने को मजबूर हैं। प्राथमिक विद्यालय के बाहर नाली में गंदगी और सामने जलभराव है। जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालय के मुख्य गेट पर ही कीचड़ व गंदे पानी का अंबार है। पंचायत की ओर से कई माह से नालियों की साफ-सफाई नहीं कराई गई है। अब उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने परेशान हो कर स्वयं ही धामपुर ब्लाक के बीडीओ को एक पत्र लिखकर गुहार लगाई है। जिसमें उन्होंने अधिकारी से अपनी समस्या बताते हुए स्कूल के आसपास साफ सफाई कराने और मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है। जिससे स्कूली बच्चों को कीचड़ व गंदे पानी से ना गुजरना पड़े।

इन्होंने कहा

मामला संज्ञान में नहीं है, अभी शिकायत कार्यालय में प्राप्त नहीं हुई है। पंचायत सचिव व ग्राम प्रधान को निर्देश देकर जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।
-त्रिलोक चंद, बीडीओ धामपुर।

By admin