एएनआई, नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को एक साथ कई अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत की स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने रूस और वेनेजुएला से तेल खरीद, ईरान-अमेरिका संकट पर नजर बनाए रखने और वहां रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही।
साथ ही भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने और ट्रंप के बोर्ड आफ पीस कार्यक्रम में भारत की भूमिका पर भी जोर दिया।
वेनेजुएला और रूस से तेल खरीद पर भारत का रुख साफ करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने रूस और वेनेजुएला दोनों से तेल खरीदने पर अपनी स्थिति पहले ही स्पष्ट कर दी है।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ हफ्तों में इस विषय पर जो बयान दिए गए हैं, वही भारत की नीति को दर्शाते हैं। जायसवाल ने कहा कि वेनेजुएला से तेल तभी खरीदा जाएगा जब यह व्यापारिक रूप से लाभकारी होगा। यानी कीमत, गुणवत्ता और लॉजिस्टिक्स सही होने पर ही यह विकल्प अपनाया जाएगा। इसके साथ ही रूस से तेल खरीदने के मामले में भी जायसवाल ने भारत की स्थिति साफ की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारी ऊर्जा नीति देश की जरूरतों और सुरक्षा को प्राथमिकता देती है। तेल खरीद के फैसले राष्ट्रीय हित और व्यावसायिक लाभ को ध्यान में रखकर ही लिए जाएंगे।
इस के साथ ही उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ भारत की एकमात्र समस्या सीमा पार आतंकवाद है और इस पर नई दिल्ली की दीर्घकालिक चिंता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान के साथ भारत के संबंध पहले जैसे ही हैं।
ईरान-अमेरिका संघर्ष पर भारत की नजर
ईरान-अमेरिका के बीच जारी तनाव पर भारत की स्थिति साफ करते हुए कहा कि भारत दुनिया भर में अपने नागरिकों की सुरक्षा, द्विपक्षीय संबंध और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्राथमिकता देता है।
उन्होंने बताया कि ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव पर भारत लगातार अपनी नजर बनाए हुए है। साथ ही वहां रहने वाले भारतीय समुदाय से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
‘बोर्ड ऑफ पीस’ में भारत की भागीदारी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘बोर्ड ऑफ पीस’ कार्यक्रम पर विदेश मंत्रालय ने भारत का रुख साफ किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत ने वॉ¨शगटन डीसी में हुई बोर्ड ऑफ पीस की बैठक में पर्यवेक्षक के रूप में हिस्सा लिया।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने गाजा पीस प्लान का स्वागत किया है, जो अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रपं की तरफ से पेश किया गया था। इसके अलावा भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2803 के तहत चल रही प्रयासों का समर्थन करता है।
वेस्ट बैंक में इजरायल की योजना पर भी बोलेरणधीर जायसवाल ने स्पष्ट किया कि इजरायल के वेस्ट बैंक विस्तार पर हाल ही में जारी संयुक्त बयान कोई सहमति से तैयार दस्तावेज नहीं था। भारत ने इस मुद्दे पर अपनी स्थिति भारत-अरब लीग मंत्रिस्तरीय बैठक के संयुक्त बयान में ही व्यक्त की थी।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते अंतिम चरण में
इसके साथ ही रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत और अमेरिका ने हाल ही में साझा बयान अपनाया है। इसके अनुसार दोनों देश पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने पर काम कर रहे हैं। भारत की तरफ से मुख्य वार्ताकार की अगुवाई में टीम अगले सप्ताह अमेरिका जाएगी।