दरअसल, ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर से बेंगलुरु के लिए शुरू होने वाली ट्रेन में सफर कर रहे थे। आमतौर पर वे राजनीतिक सभाओं और संसद सत्रों में गंभीर नजर आते हैं लेकिन इस यात्रा के दौरान उन्होंने खूब मस्ती की। ट्रेन जब शिवपुरी स्टेशन के पास पहुंची, तो वहां अचानक से तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश की बूंदों और हरियाली से सराबोर मौसम को देखकर वे खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने यात्रियों और पत्रकारों के साथ अंताक्षरी शुरू कर दी। इसी बीच सिंधिया ने “सुहाना सफर और ये मौसम हसीन…” गुनगुनाते हुए अंताक्षरी की शुरुआत की। उनके इस अंदाज को देखकर यात्रियों भी खुश नजर आ रहे थे। गाना गाते हुए वे लिरिक्स भूल जाते हैं। इस पर साथ में बैठे लोग उनके साथ आगे का गाना गाते हैं।
सिंधिया का यह अंदाज खूब हो रहा वायरल
ट्रेन में मौजूद लोग पहले तो चौंक गए, लेकिन कुछ ही देर में यात्रियों ने भी उनका साथ देना शुरू कर दिया और पूरा कोच जैसे एक संगीत महफिल में तब्दील हो गया। सिंधिया का ये अनौपचारिक रूप देख लोग मुस्कुराते रहे और कई यात्रियों ने इस पल को अपने मोबाइल में कैद भी कर लिया। राजनीतिक व्यस्तता के बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया का यह सहज और आत्मीय अंदाज उनके समर्थकों और आम जनता को खूब भाया। सोशल मीडिया पर भी इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें सिंधिया झूमते हुए गा रहे हैं और लोग तालियों से उनका उत्साह बढ़ा रहे हैं।