इमेज स्रोत, Reuters
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ जारी तनाव को लेकर ‘काफी दोस्ताना बातचीत’ चल रही है.
लगातार तीसरे दिन भी दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कोई हमला नहीं किया.
एयर फ़ोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने सोमवार को कहा, “मुझे लगता है कि इस युद्ध को खत्म करने की अच्छी संभावना है.”
हालांकि उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर यह बातचीत नाकाम रही, तो अमेरिका फिर वही कार्रवाई शुरू करेगा जो संघर्ष विराम से पहले कर रहा था.
उधर, ईरान ने इस बात से इनकार किया है कि अमेरिका के साथ उसकी कोई सीधी बातचीत हो रही है.
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार को ईरान पर अमेरिकी हमले इसलिए रोक दिए, क्योंकि दोनों देशों के बीच मध्यस्थता कर रहे देशों ने बातचीत का एक और मौका देने का अनुरोध किया था.
ईरान ने भी अपने हमले फिलहाल रोक दिए हैं.
यह ठहराव लगभग दो सप्ताह तक रोज़ाना चले अमेरिकी हमलों और उन पर ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद आया है.
इन हमलों ने जून में हुए संघर्ष विराम को लगभग पूरी तरह बेअसर कर दिया था.
उस समय अमेरिकी सेना ने कहा था कि उसके हमलों का मकसद होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने वाले कॉमर्शियल जहाजों के लिए ख़तरा पैदा करने की ईरान की क्षमता को कमजोर करना था.