• Sun. Apr 5th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश ने एक मामले की सुनवाई से खुद को किया अलग, अपीलकर्ता के वकील के रूप में हो चुके थे पेश

Byadmin

Apr 5, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन ने एक मामले की सुनवाई से स्वयं को अलग कर लिया है। इस मामले में शीर्ष अदालत ने पिछले महीने फैसला सुरक्षित रख लिया था।

न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन ने यह कदम तब उठाया, जब उनके संज्ञान में आया कि वह पहले इस मामले में अपीलकर्ता के वकील के रूप में पेश हो चुके थे। न्यायमूर्ति विश्वनाथन को 19 मई, 2023 को सीधे बार से पदोन्नत कर सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश बनाया गया था।

अप्रैल 2009 में उन्हें शीर्ष अदालत द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता नामित किया गया था और पदोन्नति से पहले वह प्रमुख वकीलों में शामिल थे। अल्केमिस्ट एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा दायर इस मामले की सुनवाई एक अप्रैल को न्यायमूर्ति जेबी पार्डीवाला और न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन की पीठ ने की थी।

पीठ ने कहा कि इस मामले की अंतिम सुनवाई हुई थी और फैसला सुरक्षित रख लिया गया था। फैसला सुरक्षित रखने के बाद न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन के संज्ञान में आया कि वह इस मामले में मुख्य कर्जदार के खिलाफ कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) में अपीलकर्ता के वकील के रूप में पेश हुए थे।

By admin